चेन्नई में सिलेंडर धमाका: दो बच्चों की मौत, सात लोग झुलसे, तीन मकान क्षतिग्रस्त
चेन्नई के नवल्लूर इलाके में सुबह हुआ बड़ा हादसा सिलेंडर धमाके में दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत सात लोग झुलसे, तीन मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त

Tamilnadu: तमिलनाडु की राजधानी Chennai के नवल्लूर इलाके में रविवार सुबह एक संदिग्ध एलपीजी सिलेंडर विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। इस धमाके में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। धमाका इतना तेज था कि आसपास के तीन मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस के अनुसार यह घटना सुबह करीब 7:40 बजे नवल्लूर के चामुंडीश्वर नगर की तीसरी गली में हुई। यहां कई घर एक-दूसरे से सटे हुए बने हैं। अचानक हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।
धमाके से तीन मकान आंशिक रूप से ढहे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के बाद देखा गया कि आसपास के तीन घर आंशिक रूप से ढह गए थे। इस हादसे में संजय कुमार और सोनिया के डेढ़ वर्षीय बेटे धीरन और चार वर्षीय बेटी कृतिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
धमाके के बाद स्थानीय लोगों ने कई लोगों को मलबे में दबा देखा और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर Tamil Nadu Fire and Rescue Services और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दल ने प्रदीप (7), सेल्वी (40), वैरामुथु (45), संजीव कुमार (27), सोनिया (25), मुरुगन (45) और चित्रा (55) को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि यह हादसा एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट होने की वजह से हुआ है, हालांकि घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।



