CBSE Board Exams 2026: मिडिल ईस्ट में कक्षा 12 की परीक्षाएं रद्द, युद्ध के बीच सीबीएसई का बड़ा फैसला
मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध के बीच CBSE का बड़ा फैसला वेस्ट एशिया के कई देशों में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं रद्द छात्रों की सुरक्षा और हालात को देखते हुए लिया गया निर्णय

CBSE: मध्य पूर्व में जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के बीच Central Board of Secondary Education (CBSE) ने बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने वेस्ट एशिया में स्थित अपने संबद्ध स्कूलों में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। बोर्ड का कहना है कि यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और क्षेत्र में बनी अनिश्चित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जिन देशों में यह फैसला लागू किया गया है उनमें बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं। दरअसल इन देशों में सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित होनी थीं। बोर्ड द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, 16 मार्च से 10 अप्रैल के बीच होने वाली सभी परीक्षाएं फिलहाल रद्द कर दी गई हैं।
रिजल्ट पर बाद में होगा फैसला
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @cbseindia29 हैंडल से नोटिस की फोटो भी शेयर की गई है। सीबीएसई ने कहा है कि प्रभावित छात्रों के रिजल्ट का मूल्यांकन किस आधार पर किया जाएगा, इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। बोर्ड के अनुसार कक्षा 10 की परीक्षाएं (7 से 11 मार्च) पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं और उनके परिणाम किस तरीके से घोषित किए जाएंगे, इस पर अलग से फैसला लिया जाएगा। वहीं कक्षा 12 की परीक्षाओं को लेकर फिलहाल स्थगन और वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है, क्योंकि यह छात्रों के भविष्य और उच्च शिक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण चरण है।
सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला
सीबीएसई का यह फैसला उस समय आया है जब क्षेत्र में Iran Israel conflict तेज हो गया है और इसमें अमेरिका के हस्तक्षेप के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। फरवरी 2026 के अंत में अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद क्षेत्र में लगातार तनाव बना हुआ है। कई जगहों पर उड़ानें रद्द हुई हैं, हवाई अड्डों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कुछ देशों में स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। इन देशों में पढ़ने वाले हजारों भारतीय मूल के छात्र सीबीएसई स्कूलों में पढ़ते हैं, जो इस फैसले से प्रभावित होंगे। बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे छात्रों और अभिभावकों के संपर्क में रहें और जरूरत पड़ने पर उन्हें सहायता उपलब्ध कराएं। सीबीएसई ने यह भी संकेत दिया है कि परिस्थितियां सामान्य होने के बाद नई परीक्षा तिथियां घोषित की जा सकती हैं या फिर वैकल्पिक मूल्यांकन व्यवस्था पर फैसला लिया जा सकता है।



