होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का बड़ा बयान: दुश्मन देशों के जहाजों के लिए बंद, बाकी के लिए खुला रास्ता
ईरान ने कहा होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह बंद नहीं है। सिर्फ दुश्मन देशों के जहाजों और टैंकरों के लिए रास्ता रोका गया। रूस और चीन को बताया रणनीतिक साझेदार, सैन्य सहयोग जारी।

Iran crisis: इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान पर लगातार हमले किए जा रहे हैं, जिनका जवाब ईरान भी दे रहा है। इसी बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान ने बड़ा बयान दिया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह बंद नहीं किया गया है, बल्कि यह केवल उन देशों के जहाजों के लिए बंद है जो ईरान और उसके सहयोगियों पर हमला कर रहे हैं।
‘होर्मुज स्ट्रेट खुला हुआ है’
एक इंटरव्यू में अराघची ने कहा, “दरअसल होर्मुज स्ट्रेट खुला हुआ है। यह सिर्फ हमारे दुश्मनों और हम पर हमला करने वाले जहाजों और टैंकरों के लिए बंद है। बाकी देशों के लिए यहां से गुजरने पर कोई रोक नहीं है।” ईरानी विदेश मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित इस अहम समुद्री मार्ग में कई भारतीय जहाजों समेत सैकड़ों जहाज फंसे हुए बताए जा रहे हैं। अराघची ने कहा कि सुरक्षा कारणों की वजह से कुछ पाबंदियां लगाई गई हैं, लेकिन पूरी तरह से रास्ता बंद नहीं किया गया है।
रूस और चीन रणनीतिक साझेदार
रूस और चीन को लेकर पूछे गए सवाल पर अराघची ने कहा कि दोनों देश ईरान के रणनीतिक साझेदार हैं। उन्होंने कहा, “रूस और चीन के साथ हमारा लंबे समय से घनिष्ठ सहयोग रहा है और यह सहयोग अब भी जारी है। इसमें सैन्य और खुफिया सहयोग भी शामिल है।”



