मिडिल ईस्ट जंग के बीच LPG पर मची अफरातफरी, सरकार बोली- घबराएं नहीं, देश में गैस की कोई कमी नहीं

मिडिल ईस्ट जंग के बीच भारत में LPG को लेकर घबराहट बढ़ी। सरकार ने कहा- देश में गैस की कोई कमी नहीं, पैनिक बुकिंग न करें। जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी।

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण भारत में रसोई गैस यानी LPG को लेकर लोगों में घबराहट का माहौल बन गया है। कई जगहों पर लोग सिलेंडर बुक करने और एजेंसियों पर लाइन लगाने लगे हैं। हालांकि सरकार ने साफ कहा है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक दबाव बन रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घबराकर बुकिंग न करें और केवल जरूरत होने पर ही सिलेंडर ऑर्डर करें।

 

बुकिंग अंतर बढ़ाकर 25 दिन किया गया

सरकार ने जमाखोरी रोकने के लिए घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग के बीच का अंतर 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। इसका मकसद पैनिक बुकिंग को रोकना और जरूरतमंदों तक गैस की सप्लाई सुनिश्चित करना है। अस्पतालों, स्कूलों और घरों की जरूरत को प्राथमिकता दी जा रही है।

 

घरेलू LPG उत्पादन 30% बढ़ाया गया

सरकार के मुताबिक 5 मार्च से अब तक घरेलू LPG उत्पादन में करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। देश में मौजूद 25 हजार से ज्यादा LPG वितरकों में से किसी के यहां भी स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं आई है।

 

पेट्रोल-डीजल की भी कोई कमी नहीं

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। भारत की रिफाइनिंग क्षमता 258 मिलियन मीट्रिक टन है और देश पेट्रोल-डीजल के उत्पादन में लगभग आत्मनिर्भर है। फिलहाल सभी रिफाइनरियां 100 फीसदी या उससे ज्यादा क्षमता पर काम कर रही हैं।

 

रेस्तरां-होटल सेक्टर को 20% कोटा

कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी से जूझ रहे होटल और रेस्तरां सेक्टर को राहत देते हुए सरकार ने 20 प्रतिशत अतिरिक्त कोटा देने का फैसला किया है। कई जगहों पर 19 किलो के नीले सिलेंडर की कमी के कारण होटल और ढाबों को अपना मेन्यू बदलना पड़ा था। अब इस समस्या को हल करने के लिए तेल कंपनियों की एक विशेष समिति बनाई गई है।

 

पैनिक बुकिंग में अचानक उछाल

सरकार के अनुसार देश में रोजाना औसतन 55.7 लाख सिलेंडर बुक होते हैं, लेकिन पिछले दो हफ्तों में इसमें तेज उछाल आया है। 12 मार्च को रिकॉर्ड 75.7 लाख बुकिंग दर्ज की गईं, जिसे सरकार ने पैनिक बुकिंग बताया है।

 

जमाखोरों को सख्त चेतावनी

सरकार ने साफ कहा है कि अगर कोई जमाखोरी या कालाबाजारी करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत होने पर ही सिलेंडर बुक करें।

 

होर्मुज जलडमरूमध्य से भारतीय जहाजों को मिली अनुमति

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच एक राहत की खबर भी आई है। ईरान ने भारतीय ध्वज वाले LPG से भरे दो टैंकरों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने की मंजूरी दे दी है, जिससे सप्लाई चेन पर बड़ा असर नहीं पड़ने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button