दिल्ली पुलिस का अनोखा मामला: सब इंस्पेक्टर ने प्रमोशन लौटाने की लगाई गुहार

दिल्ली पुलिस में सामने आया हैरान करने वाला मामला। सब इंस्पेक्टर ने खुद ही प्रमोशन वापस लेने की मांग की। पुलिस मुख्यालय ने सभी इकाइयों से रिपोर्ट तलब की।

New delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पुलिस विभाग से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक सब इंस्पेक्टर ने अपने ही प्रमोशन को वापस लेने की अपील कर दी है। उन्होंने अधिकारियों से अनुरोध किया है कि उन्हें डिमोट करके फिर से कांस्टेबल बना दिया जाए। इस अजीब मांग का पत्र सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी चर्चा शुरू हो गई है।

 

प्रमोशन वापस लेने की अनोखी मांग

सूत्रों के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिले के एक थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर ने हाल ही में अपने वरिष्ठ अधिकारियों को एक आवेदन दिया। इस आवेदन में उन्होंने अपनी पदोन्नति वापस लेने की मांग की है। सब इंस्पेक्टर की यह मांग सुनकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए, क्योंकि आमतौर पर कर्मचारी प्रमोशन पाने की कोशिश करते हैं, लेकिन यहां मामला बिल्कुल उल्टा है।

 

कांस्टेबल से बने थे सब इंस्पेक्टर

बताया जा रहा है कि संबंधित पुलिसकर्मी की भर्ती पहले कांस्टेबल के तौर पर हुई थी। बाद में विभागीय पदोन्नति के जरिए उन्हें सब इंस्पेक्टर बना दिया गया। लेकिन प्रमोशन मिलने के बाद अब उन्होंने खुद ही इसे वापस लेने की इच्छा जताई है और कहा है कि उन्हें फिर से कांस्टेबल के पद पर ही तैनात कर दिया जाए।

 

पुलिस मुख्यालय ने मांगी रिपोर्ट

इस मामले को देखते हुए पुलिस मुख्यालय की पेंशन सेल ने सभी संबंधित इकाइयों को पत्र भेजकर रिपोर्ट मांगी है। पत्र में कहा गया है कि यह जानकारी दी जाए कि संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कोई विभागीय जांच, आपराधिक मामला, विजिलेंस जांच, निलंबन, शिकायत, ओवरपेमेंट, मेडिकल या अनुपस्थिति से जुड़ा कोई मामला लंबित तो नहीं है। साथ ही सभी इकाइयों से तीन दिनों के भीतर ‘नो डिमांड सर्टिफिकेट’ देने को भी कहा गया है। अगर तय समय में कोई जानकारी नहीं मिलती है तो इसे ‘निल रिपोर्ट’ मानकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला दिल्ली पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है और अधिकारी भी इस बात पर विचार कर रहे हैं कि इस असामान्य अनुरोध पर आगे क्या कदम उठाया जाए।

Related Articles

Back to top button