₹33,500 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, पीएम मोदी आज दिल्ली को देंगे मेट्रो और आवास का बड़ा तोहफा

दिल्ली को आज ₹33,500 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात। मेट्रो के नए कॉरिडोर शुरू, लाखों लोगों को मिलेगी राहत। सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक आवासीय परिसरों की भी शुरुआत।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री Narendra Modi आज रविवार को राजधानी दिल्ली को ₹33,500 करोड़ की लागत वाली कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में दिल्ली मेट्रो के विस्तार से लेकर सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक आवासीय परिसरों तक कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

 

मेट्रो कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क को मजबूत करने के लिए करीब ₹18,300 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। आज से दिल्लीवासियों के लिए मेट्रो के दो नए कॉरिडोर भी शुरू हो जाएंगे, जिससे खासकर उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लाखों लोगों को राहत मिलेगी। पिंक लाइन (12.3 किमी): मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर, मैजेंटा लाइन (9.9 किमी): दीपाली चौक से मजलिस पार्क। इन कॉरिडोर के शुरू होने से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक और भलस्वा जैसे इलाकों में लोगों का सफर पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।

 

फेज 5-A की भी रखी जाएगी आधारशिला

प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो के फेज 5-A के तहत 16.10 किलोमीटर लंबे तीन नए प्रस्तावित कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। इन कॉरिडोर के बनने से नोएडा, दक्षिण दिल्ली और आईजीआई एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। प्रस्तावित कॉरिडोर इस प्रकार हैं: आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1, तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज

 

 

सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक आवास

आवास के क्षेत्र में भी एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री GPRA पुनर्विकास योजना के तहत ₹15,200 करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके तहत सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी में सरकारी कर्मचारियों के लिए नए फ्लैट और लगभग 48 लाख वर्ग फुट आधुनिक कार्यालय स्थान बनाए जाएंगे। इन परियोजनाओं को सेल्फ-सस्टेनेबल मॉडल पर तैयार किया जा रहा है। इसका मतलब है कि परियोजना क्षेत्र के एक छोटे हिस्से को व्यावसायिक रूप से विकसित कर उससे मिलने वाले राजस्व से ही पूरे बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button