खंडवा प्रशासन की अनोखी पहल: ओंकारेश्वर में रक्तदान करने वालों को मिलेगा फ्री VIP दर्शन

खंडवा प्रशासन ने शुरू की अनोखी पहल, रक्तदान करने वालों को मिलेगा VIP दर्शन ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में श्रद्धालुओं को सामाजिक जिम्मेदारी और आस्था का संगम पहले दिन ही 13 से अधिक श्रद्धालुओं ने रक्तदान कर पहल को सफल बनाया

खंडवा: तीर्थनगरी और द्वादश ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में खंडवा जिला प्रशासन ने रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए एक क्रांतिकारी पहल शुरू की है। अब मंदिर परिसर में रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को बिना किसी शुल्क के VIP प्रोटोकॉल के तहत बाबा भोलेनाथ के दर्शन कराए जाएंगे। प्रशासन ने यह कदम खास तौर पर बढ़ती रक्त की मांग को देखते हुए उठाया है।

 

क्या है नियम?

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं को प्रेरित करने के लिए यह अनोखी व्यवस्था लागू की है। जो भी श्रद्धालु ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में रक्तदान करेंगे, उन्हें फ्री VIP दर्शन की सुविधा मिलेगी। यह पहल मंगलवार से शुरू हो गई है। खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी जुड़ने से इसका असर कई गुना बढ़ जाता है।

 

पहले दिन 13 से अधिक श्रद्धालुओं ने किया रक्तदान

पहले दिन ही 13 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने रक्तदान कर इस पहल की शुरुआत सफल बनाई। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा, “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है।” ओंकारेश्वर जैसे प्रमुख तीर्थस्थल पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में दर्शन के साथ रक्तदान करना समाज के लिए बड़ा योगदान है।

 

मंदिर परिसर में विशेष ब्लड डोनेशन काउंटर

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के पास जिला अस्पताल द्वारा विशेष ब्लड डोनेशन काउंटर बनाया गया है। जो लोग भीड़-भाड़ से बचना चाहते हैं और VIP दर्शन करना चाहते हैं, उन्हें पहले रक्तदान करना होगा। इसके बाद उन्हें प्रोटोकॉल के तहत फ्री VIP दर्शन कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी प्रक्रिया को चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप संचालित करेगी।

 

बढ़ती रक्त की मांग को देखते हुए उठाया कदम

खंडवा जिले के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संख्या अधिक है। हादसों में रक्त की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी वजह से प्रशासन ने श्रद्धालुओं को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित करने का यह कदम उठाया है, ताकि आपातकाल में रक्त की कमी न हो।

 

आस्था और सेवा का अनूठा संगम

ओंकारेश्वर में शुरू की गई यह पहल ईश्वर भक्ति और सामाजिक सेवा का अद्भुत संगम मानी जा रही है। प्रशासन को उम्मीद है कि यह मॉडल अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। दर्शन के साथ श्रद्धालु रक्तदान जैसे महादान में भाग लेकर न केवल पुण्य कमाएंगे बल्कि कई जिंदगियां भी बचाएंगे।

Related Articles

Back to top button