कोशी प्रांत में भूकंप के झटके, संखुवासभा रहा केंद्र

कोशी प्रांत में सुबह 4.1 तीव्रता का भूकंप संखुवासभा रहा केंद्र, कई जिलों में महसूस हुए झटके फिलहाल जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं

काठमांडू: नेपाल के कोशी प्रांत में रविवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए घबराहट फैल गई। नेशनल अर्थक्वेक मॉनिटरिंग एंड रिसर्च सेंटर के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 दर्ज की गई। यह झटका सुबह 7:31 बजे आया। भूकंप का केंद्र संखुवासभा जिले के रिताक क्षेत्र में था। संखुवासभा, राजधानी काठमांडू से करीब 475 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। झटके ताप्लेजुंग और भोजपुर जिलों में भी महसूस किए गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। इससे पहले 11 जनवरी को लमजुंग जिले के बन्सर इलाके के पास 3.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। लगातार आ रहे झटकों ने स्थानीय लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।

 

नेपाल में बार-बार क्यों आते हैं भूकंप?

नेपाल भौगोलिक रूप से बेहद संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। यह हिमालयी बेल्ट का हिस्सा है, जहां भारतीय और यूरेशियन टेक्टॉनिक प्लेटें आपस में टकराती हैं। इसी वजह से यहां अक्सर भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार हल्की तीव्रता के भूकंप आमतौर पर ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचाते, लेकिन नेपाल का भूकंप इतिहास काफी संवेदनशील रहा है, इसलिए लोग सतर्क रहते हैं। फिलहाल इस ताजा भूकंप में किसी के घायल होने या मौत की कोई खबर नहीं है।

Related Articles

Back to top button