मेरठ को 12,930 करोड़ की सौगात: पीएम मोदी ने नमो भारत और मेट्रो को दिखाई हरी झंडी
मेरठ को मिली 12,930 करोड़ की विकास सौगात। नमो भारत और मेरठ मेट्रो को पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी। दिल्ली-मेरठ RRTS से पश्चिमी यूपी की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार।

आज नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के मेरठ दौरे पर रहेंगे, जहां वे करीब 12,930 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। यह दौरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
नमो भारत और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी
दोपहर करीब 12:30 बजे प्रधानमंत्री मेरठ के शताब्दी नगर स्थित नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद वे मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो में सफर भी करेंगे, जो इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रगति को दर्शाएगा।
जनसभा को करेंगे संबोधित
करीब 1 बजे प्रधानमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे क्षेत्र के विकास, कनेक्टिविटी और आर्थिक मजबूती पर अपनी बात रखेंगे।
82 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री 82 किलोमीटर लंबे Delhi–Meerut RRTS कॉरिडोर को देश को समर्पित करेंगे। साथ ही नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के शेष बचे खंडों का भी उद्घाटन करेंगे। इनमें दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक का 5 किलोमीटर का हिस्सा और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक का 21 किलोमीटर का खंड शामिल है।
इन शहरों को मिलेगा सीधा फायदा
180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से चलने वाली नमो भारत ट्रेन साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरों को दिल्ली से पहले से कहीं अधिक तेज और सुगम तरीके से जोड़ेगी। यह परियोजना क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था को नई गति देने वाली मानी जा रही है।



