श्रीनगर में CRPF की बंकर गाड़ी नहर में गिरी, 9 जवान घायल; राजौरी में हथियारों का जखीरा बरामद
श्रीनगर के डगपोरा में CRPF की बंकर गाड़ी नहर में गिरी, 9 जवान घायल घायलों को SKIMS सौरा में भर्ती, सभी की हालत स्थिर राजौरी में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, AK-47 समेत हथियार बरामद

Jammu kashmir: श्रीनगर में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शहर के सौरा इलाके के डगपोरा में CRPF की बंकर गाड़ी सड़क से फिसलकर नहर में जा गिरी। हादसा अहमद नगर के डगपोरा रोड पर उमर हेयर के पास हुआ। इस दुर्घटना में कम से कम नौ जवान घायल हो गए।
9 जवान अस्पताल में भर्ती
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, वाहन चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी सीधे नहर में जा गिरी। पहले सात घायल जवानों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में दो और जवानों को इलाज के लिए शेर-ए-कश्मीर इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज (SKIMS), सौरा में भर्ती कराया गया। सभी जवानों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में घायल जवानों की पहचान नागिंदर सिंह (36), अजीत कुमार राम (36), राज किशोर राय (40), अमित कुमार यादव (38), राजधन राम (55), मंकर कुमार (40) और नीरज कुमार (45) के रूप में हुई है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
राजौरी में हथियार और गोला-बारूद बरामद
इधर, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सुरक्षा बलों ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम करने के बाद तलाशी अभियान चलाया। नियंत्रण रेखा से सटे सुंदरबनी सेक्टर के नथुआ टिब्बा इलाके में सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान खून के धब्बे भी मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि घुसपैठ करने वाले आतंकवादी घायल हुए होंगे। बरामद सामान में एक AK-47 राइफल, दो मैगजीन, तीन रकसैक, कंबल, राशन और कपड़े शामिल हैं। सुरक्षा बल पूरे इलाके में सतर्कता बरत रहे हैं।



