Mp accident: भिंड में भीषण सड़क हादसा: 5 की मौत, 6 घायल

NH-719 पर देर रात दर्दनाक टक्कर में 5 लोगों की मौत। खाली बस और ईको कार की भिड़ंत से मचा हड़कंप। सड़क सुरक्षा और प्रशासन की जवाबदेही पर फिर उठे सवाल।

भिंड। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-भिंड नेशनल हाईवे 719 पर शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोहद थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास रात करीब 2:30 बजे एक तेज रफ्तार खाली बस ने यात्रियों से भरी ईको कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है।

 

बारात छोड़कर लौट रही थी बस

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बस भिंड में बारात छोड़कर ग्वालियर वापस जा रही थी। वहीं ईको कार ग्वालियर से भिंड की ओर आ रही थी। छीमका गांव के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

 

मृतकों में पटवारी और पूर्व सैनिक शामिल

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। एक मृतक की पहचान भिंड निवासी जगदीश भदौरिया के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पटवारी के पद पर कार्यरत थे और पूर्व सैनिक भी थे। एक अन्य मृतक की पहचान अतुल शिवहरे के रूप में हुई है। बाकी लोगों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस ने बताया कि ईको कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक से संपर्क किया गया, लेकिन उसने कार को पहले ही बेच देने की बात कही। जिस व्यक्ति को कार बेची गई थी, उसका मोबाइल फिलहाल बंद आ रहा है।

 

हाईवे पर लगातार हादसे, उठे सवाल

इस हादसे ने नेशनल हाईवे 719 पर सड़क सुरक्षा और प्रशासन की जिम्मेदारी पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। कुछ दिन पहले भी गोहद थाना क्षेत्र में इसी हाईवे पर हुए हादसे में चार लोगों की जान चली गई थी। लोगों की मांग है कि इस मार्ग पर तत्काल सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएं, सड़क को फोरलेन किया जाए या फिर नया हाईवे बनाया जाए, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button