पाकिस्तान में भूकंप के तेज झटके, पेशावर-इस्लामाबाद तक महसूस हुई कंपन

भूकंप के तेज झटकों से दहशत में आए लोग इस्लामाबाद और पेशावर में महसूस हुई कंपन अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में था केंद्र

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के कई हिस्सों में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। राजधानी इस्लामाबाद और पेशावर समेत कई शहरों में लोगों ने जमीन को हिलते हुए महसूस किया। झटके इतने तेज थे कि लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। फिलहाल राहत की बात ये है कि इस भूकंप में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है।

 

5.9 मापी गई भूकंप की तीव्रता

भूकंप का असर खासतौर पर खैबर पख्तूनख्वा और पंजाब प्रांत के कुछ इलाकों में देखा गया। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.9 दर्ज की गई। शाम करीब 6:09 बजे (स्थानीय समय) आए इस भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में जमीन से लगभग 101 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। कई इलाकों में इमारतों में हलचल महसूस की गई, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया।

 

पिछले हफ्ते भी महसूस हुए थे झटके

गौरतलब है कि पाकिस्तान भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में आता है, क्योंकि यह अरब सागर, भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट्स की सीमा के पास स्थित है। इससे पहले पिछले सप्ताह बलूचिस्तान प्रांत में 5.6 तीव्रता का भूकंप आया था। उस भूकंप का केंद्र खुजदार शहर से करीब 86 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। वहीं उसी दिन 3.8 तीव्रता का एक और झटका भी महसूस किया गया था, जिसका केंद्र 33 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया था।

Related Articles

Back to top button