Up news: गोरखपुर में खुला नाला बना मौत का जाल: 11 साल के कन्हैया की दर्दनाक मौत
खुले नाले ने ले ली 11 साल के मासूम की जान लोहे की सरिया सीने के आर-पार, मौके पर मौत लापरवाही पर JE सस्पेंड, जांच के आदेश जारी

Up news: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से प्रशासनिक लापरवाही की एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। चिलुवाताल थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 स्थित जीडीए विस्तार नगर कॉलोनी के पास खुले नाले में गिरने से 11 वर्षीय मासूम कन्हैया की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नाले में सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
सीने के आर-पार हुई लोहे की सरिया
मुडिला उर्फ मुंडेरा निवासी श्यामसुंदर का बेटा कन्हैया गुरुवार को साइकिल से नाला पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह साइकिल समेत खुले नाले में जा गिरा। नाले के अंदर निकली लोहे की सरिया उसके सीने के आर-पार हो गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिवार में पसरा मातम
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश है और उनका कहना है कि सरकारी लापरवाही की कीमत एक मासूम को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
जेई निलंबित, जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोरखपुर कमिश्नर ने टेक्निकल सुपरवाइजर को बर्खास्त कर दिया है, जबकि संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) को निलंबित कर जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही आसपास के सभी खुले नालों को तत्काल ढकने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
गौरतलब है कि पिछले साल तिवारीपुर थाना क्षेत्र में भी खुले नाले में गिरने से एक बच्चे की जान चली गई थी। उस समय नाले को ढकने का काम कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद शहर में कई जगह खुले नाले अब भी लोगों के लिए जानलेवा बने हुए हैं।



