श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में दर्शन व्यवस्था हुई हाईटेक
महाकाल मंदिर में अब संध्या और शयन आरती की बुकिंग हुई ऑनलाइन घर बैठे वेबसाइट से ₹250 में कर सकेंगे आरती के लिए स्लॉट बुक आरती के दौरान भी जारी रहेंगे चलित दर्शन की सुविधा

Ujjain: विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन व्यवस्था को पहले से ज्यादा आसान और पारदर्शी बनाने के लिए मंदिर प्रबंध समिति ने बड़ा फैसला लिया है। अब बाबा महाकाल की संध्या आरती और शयन आरती की बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। यानी अब देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु घर बैठे ही आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आरती में शामिल होने के लिए अपनी सीट बुक कर सकेंगे।
कहां और कब होगी बुकिंग?
श्रद्धालु मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट, https://www.shrimahakaleshwar.mp.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। संध्या आरती की बुकिंग रोजाना दोपहर 12:00 बजे से शुरू होगी, शयन आरती की बुकिंग रोजाना शाम 4:00 बजे से शुरू होगी। दोनों आरतियों के लिए प्रति श्रद्धालु ₹250 शुल्क निर्धारित किया गया है। बुकिंग की पूरी प्रक्रिया First Come, First Serve के आधार पर होगी।
सिर्फ गेट नंबर 1 से मिलेगा प्रवेश
आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को प्रवेश द्वार क्रमांक 1 से ही एंट्री दी जाएगी। संध्या आरती के लिए शाम 6:00 बजे तक प्रवेश अनिवार्य, शयन आरती के लिए रात 10:00 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा, आरती के समय भी मिलेंगे चलित दर्शन। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, आरती के दौरान भी चलित दर्शन की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी। यानी जिन श्रद्धालुओं को आरती की बुकिंग नहीं मिल पाई है, वे भी लाइन में चलते हुए बाबा महाकाल के दर्शन कर सकेंगे। इस डिजिटल पहल का उद्देश्य दर्शन व्यवस्था को ज्यादा व्यवस्थित, पारदर्शी और श्रद्धालु-अनुकूल बनाना है, ताकि उज्जैन आने वाले हर भक्त को बेहतर और दिव्य अनुभव मिल सके।



