जनकपुरी गड्ढा हादसा: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, दम घुटने से हुई युवक की मौत

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, दम घुटने से हुई कमल ध्यानी की मौत बाइक के दबाव और गीली मिट्टी के कारण नहीं ले पाया सांस परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया

दिल्ली के जनकपुरी इलाके में गड्ढे में गिरने से हुई 25 वर्षीय युवक कमल ध्यानी की मौत के मामले में पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, गड्ढे में गिरने के बाद कमल के मुंह और नाक में मिट्टी भर गई थी, जिससे उसका दम घुट गया। बाइक का वजन शरीर पर आ जाने के कारण वह खुद को निकाल भी नहीं पाया और मौके पर ही उसकी हालत बिगड़ती चली गई।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह

सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण ट्रॉमैटिक एस्फिक्सिया और दम घुटना बताया गया है। बताया गया कि गिरने के बाद कमल का चेहरा गीली मिट्टी में फंस गया था, जबकि उसकी बाइक उसकी कमर और सीने पर आ गिरी, जिससे सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी।

 

सीने पर बाइक का दबाव, जांघ पर जले का निशान

रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि बाइक के दबाव के कारण सीने पर असर पड़ा, जिससे सांस की प्रक्रिया बाधित हुई। इसके अलावा कमल की दाहिनी जांघ पर जलने का निशान मिला है, जो बाइक के साइलेंसर से जलने की आशंका जताई जा रही है।

 

15 फुट गहरे गड्ढे में गिरा था बाइकर

25 वर्षीय कमल ध्यानी शुक्रवार (6 फरवरी) सुबह जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड की सीवर पाइपलाइन पुनर्वास परियोजना के लिए खोदे गए करीब 15 फुट गहरे गड्ढे में गिर गए थे। कमल कैलाशपुरी के रहने वाले थे और एक निजी बैंक में नौकरी करते थे। हादसे के वक्त वह घर लौट रहे थे।

 

परिजनों का आरोप, पुलिस ने बरती लापरवाही

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद उन्होंने कई अस्पतालों में कमल की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मोबाइल लोकेशन के आधार पर खोजबीन के बाद शव बरामद हुआ। परिवार का कहना है कि पुलिस ने शुरुआत में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की और 24 घंटे पूरे होने की बात कही, हालांकि पुलिस ने किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया है।

Related Articles

Back to top button