इटारसी में दर्दनाक हादसा: नहर में गिरी कार, तीन युवकों की दम घुटने से मौत
इटारसी में नहर में गिरी कार, तीन युवकों की दर्दनाक मौत रेस्क्यू में जुटी SDERF, करीब ढाई घंटे चला अभियान स्टीयरिंग फेल या नशे में ड्राइविंग की आशंका, जांच जारी

Mp news: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। पथरोटा क्षेत्र की बड़ी नहर में एक कार गिरने से उसमें सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना अचानक था कि कार सवार युवकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और पानी भरने के कारण दम घुटने से तीनों की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार केसला की ओर से इटारसी आ रही थी। पुराने भोपाल-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर पथरोटा नहर पुल के पास कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। घटना के समय एक व्यक्ति ने नहर में कूदकर युवकों को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन इससे पहले कि कोई मदद मिल पाती, कार गहराई में समा गई। सूचना मिलते ही इटारसी और पथरोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नर्मदापुरम से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसके बाद करीब ढाई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। स्थानीय लोगों और जेसीबी मशीन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। कार के अंदर तीनों युवक मृत अवस्था में मिले। पुलिस को एक युवक की जेब से पैन कार्ड मिला है, जिस पर नाम लकी पटेल दर्ज है। हालांकि पुलिस ने अभी मृतकों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया गया है।
अधिकारियों ने क्या कहा
टाउन इंस्पेक्टर संजीव सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि एक कार पथरोटा नहर में गिर गई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ को मौके पर भेजा गया और रेस्क्यू के दौरान तीन शव बरामद किए गए। मामले की जांच जारी है। वहीं, एसडीआरएफ प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि कार नहर में काफी गहराई तक डूबी हुई थी, जिसके कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब 1 से 1.5 घंटे का समय लगा। उन्होंने बताया कि कार पूरी तरह पानी में डूबी होने के बावजूद उसकी लाइटें जल रही थीं। ट्रैक्टर की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया। अमृता दीक्षित के अनुसार, प्रारंभिक जांच में स्टीयरिंग फेल होना या शराब के नशे में वाहन चलाना हादसे का संभावित कारण हो सकता है। हालांकि वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान व हादसे के कारणों की पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।



