UP Voter List SIR: दावे-आपत्तियों की तारीख बढ़ी, अब 6 मार्च 2026 तक मौका

आपत्ति दर्ज करने की तारीख बढ़ी 13 दस्तावेजों में से किसी एक से होगा आवेदन लाखों वोटरों को भेजा जा रहा नोटिस

Lucknow news: उत्तर प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब वोटर 6 मार्च 2026 तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। पहले यह समयसीमा 6 फरवरी तक थी। चुनाव आयोग के मुताबिक, अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल 2026 को जारी की जाएगी। अब तक करीब 48 लाख लोगों ने फॉर्म-6 भरकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई हैं, जो आयोग की उम्मीदों से काफी कम मानी जा रही है। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में कुल 12.55 करोड़ मतदाता दर्ज हैं।

 

13 दस्तावेजों में से किसी एक से होगा काम

फिलहाल राज्य में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया जारी है। इसी दौरान नए वोटर बनने के लिए फॉर्म-6 भी भरे जा रहे हैं। कुछ इलाकों से शिकायतें सामने आई हैं कि जिन मतदाताओं का नाम 2003 की वोटर लिस्ट से मैप नहीं हो पा रहा, उन्हें आवेदन जमा करने में दिक्कतें आ रही हैं। इस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ने साफ किया है कि चुनाव आयोग द्वारा तय किए गए 13 मान्य दस्तावेजों में से कोई एक उपलब्ध होने पर मतदाता आवेदन कर सकता है।

 

दस्तावेजों के लिए भेजा जा रहा नोटिस

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल 12.55 करोड़ मतदाताओं में से करीब 1.04 करोड़ वोटर ऐसे हैं, जिनका नाम ड्राफ्ट सूची में तो है, लेकिन 2003 की SIR सूची से मैप नहीं हो पाया। इसके अलावा 2.22 करोड़ मतदाता ऐसे हैं, जिन्होंने गणना फॉर्म में 2003 से जुड़ी जानकारी भरी थी, लेकिन जांच में उसमें विसंगतियां पाई गईं। ऐसे मतदाताओं को अब दस्तावेज जमा करने के लिए नोटिस भेजा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button