मैनपुरी में शर्मनाक वारदात, 12वीं के छात्र ने महिला शिक्षिका पर जानलेवा हमला
मैनपुरी में 12वीं के छात्र ने महिला शिक्षिका पर किया जानलेवा हमला स्कूल बदलने के बावजूद पीछा करता रहा आरोपी, ट्यूशन जाते वक्त वारदात गंभीर हालत में शिक्षिका आगरा रेफर, CCTV के आधार पर FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। यहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक सिरफिरे छात्र ने अपनी ही महिला शिक्षिका पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी छात्र ने शिक्षिका के दोनों होंठ काट लिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आगरा रेफर किया गया है।
ट्यूशन जाते वक्त रास्ता रोककर किया हमला
पूरा मामला मैनपुरी सदर कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, महिला शिक्षिका घर पर ट्यूशन पढ़ाने जा रही थीं। इसी दौरान आरोपी छात्र ने उनका रास्ता रोक लिया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर अचानक छात्र ने शिक्षिका पर हमला कर दिया। हमले में शिक्षिका के चेहरे को बुरी तरह नुकसान पहुंचा है। खून बहता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।
पहले भी कर चुका था छेड़खानी, स्कूल बदलने पर भी नहीं छोड़ा पीछा
आरोप है कि छात्र पहले स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ कर चुका था। इस बात की शिकायत शिक्षिका ने छात्र के परिजनों से की थी। कुछ समय तक छात्र का व्यवहार ठीक रहा, लेकिन बाद में उसने फिर से वही हरकतें शुरू कर दीं। परेशान होकर शिक्षिका ने वह स्कूल छोड़ दिया और दूसरे स्कूल में पढ़ाने लगीं, लेकिन आरोपी वहां भी उनका पीछा करता रहा।
विरोध करने पर उठाया खौफनाक कदम
बताया जा रहा है कि जब शिक्षिका ने छात्र का सख्ती से विरोध किया, तो उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने जबरन शिक्षिका के गले में हाथ डालकर उन्हें आगे ले जाने की कोशिश की और फिर उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने, FIR दर्ज
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी छात्र शिक्षिका को जबरन पकड़कर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। शिक्षिका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।



