भारत टैक्सी ऐप की शुरुआत, ओला-उबर को मिलेगी कोऑपरेटिव टक्कर

भारत में राइड-हेलिंग सेक्टर को मिला नया कोऑपरेटिव विकल्प ओला-उबर के मुकाबले बिना सर्ज प्राइसिंग और पारदर्शी किराया मॉडल ड्राइवरों के स्वामित्व वाला भारत का पहला राइड-हेलिंग ऐप शुरू

Bharat taxi: भारत में राइड-हेलिंग सेक्टर को एक नया विकल्प मिलने जा रहा है। ओला और उबर की तर्ज पर आज, 5 फरवरी से भारत टैक्सी (Bharat Taxi App) की औपचारिक शुरुआत हो रही है। यह भारत का पहला ड्राइवर-ओन्ड कोऑपरेटिव राइड-हेलिंग ऐप है, जिसका स्वामित्व सीधे ड्राइवरों के पास होगा। भारत टैक्सी ऐप के ज़रिए ऑटो, बाइक और कैब जैसी सेवाएं बुक की जा सकेंगी। पारदर्शी किराया, तेज पिक-अप और उन्नत सुरक्षा सुविधाओं के साथ यह ऐप यात्रियों और ड्राइवरों—दोनों के लिए एक नया मॉडल पेश करता है। इस पहल को सहकारिता मंत्रालय का समर्थन प्राप्त है। भारत टैक्सी को सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड ने NCDC के सहयोग से विकसित किया है।

सर्ज प्राइसिंग नहीं, किराया पूरी तरह पारदर्शी

भारत टैक्सी ऐप पर राइड बुक करने से पहले यात्रियों को किराया साफ-साफ दिखाई देगा। सभी दरें स्थानीय परिवहन प्राधिकरणों द्वारा पहले से स्वीकृत हैं। इस प्लेटफॉर्म पर सर्ज प्राइसिंग या छिपे हुए चार्ज का कोई प्रावधान नहीं है। किराया दूरी, समय, नाइट अलाउंस और रिटर्न फेयर जैसे मानकों के आधार पर तय किया गया है, जिससे यात्रियों को भरोसेमंद और फेयर प्राइसिंग मिलती है।

 

ड्राइवरों को क्या मिलेगा फायदा

भारत टैक्सी ड्राइवरों के लिए जीरो कमीशन मॉडल पर काम करता है। ड्राइवरों को राइड का पूरा किराया सीधे मिलता है। इसके अलावा ड्राइवरों को एक्सीडेंट और इंश्योरेंस कवरेज, गोल्ड सेविंग स्कीम, आसान लोन सुविधा और प्रोफेशनल ट्रेनिंग जैसे वेलफेयर प्रोग्राम भी दिए जाते हैं। समय पर पिक-अप और बेहतर रेटिंग वाले ड्राइवरों को अतिरिक्त इंसेंटिव देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

 

पैसेंजर के लिए कैसे फायदेमंद है भारत टैक्सी

भारत टैक्सी ऐप पर यात्रियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर ऑटो, कैब, बाइक और रेंटल जैसी कई सेवाएं मिलेंगी। ओपन नेटवर्क मॉडल की वजह से पिक-अप टाइम कम होता है और राइड कैंसिलेशन की समस्या भी घटती है। आने वाले समय में लोकल ट्रांसपोर्ट API से जुड़ने के बाद टिकटिंग और रूट प्लानिंग जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी, जिससे पब्लिक ट्रांसपोर्ट और प्राइवेट राइड के बीच आसान ट्रांजिशन संभव होगा।

 

सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम

भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म पर हर ड्राइवर का KYC वेरिफिकेशन अनिवार्य है। ड्राइवरों के बैकग्राउंड की नियमित जांच की जाती है और सेफ्टी ट्रेनिंग भी दी जाती है। ऐप में लाइव राइड ट्रैकिंग, SOS इमरजेंसी बटन, OTP-आधारित राइड स्टार्ट और ड्राइवर रेटिंग जैसी सुरक्षा सुविधाएं मौजूद हैं। यह ऐप “वन भारत मोबिलिटी” पहल के तहत मल्टीमॉडल ट्रैवल को भी सपोर्ट करता है।

 

ड्राइवर कैसे जुड़ सकते हैं

ड्राइवर Bharat Taxi Driver App डाउनलोड कर मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन से जुड़े डॉक्यूमेंट अपलोड करने के बाद वेरिफिकेशन पूरा होते ही राइड मिलना शुरू हो जाएगा।

 

ऐप कैसे डाउनलोड करें

Android यूजर्स Google Play Store पर, “Bharat Taxi  Cab, Auto & Bike” सर्च कर ऐप इंस्टॉल कर सकते हैं। iOS यूजर्स App Store पर “Bharat Taxi” सर्च करके ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। वैकल्पिक रूप से, आधिकारिक वेबसाइट www.bharattaxi.com पर जाकर भी ऐप डाउनलोड लिंक प्राप्त किया जा सकता है।

 

क्या बनाता है भारत टैक्सी को खास

ओला-उबर की तुलना में औसतन 20–30% तक सस्ता किराया, ड्राइवरों के लिए जीरो कमीशन मॉडल, कोई सर्ज प्राइसिंग या छिपे चार्ज नहीं, ड्राइवरों के लिए इंश्योरेंस और वेलफेयर स्कीम।

Related Articles

Back to top button