चार इंजन की सरकार में असुरक्षित दिल्ली, 15 दिनों में 807 लोग लापता: केजरीवाल का भाजपा पर हमला
15 दिनों में 807 लोगों के लापता होने पर AAP का सरकार पर हमला महिलाओं और बच्चों के गायब होने के बढ़ते मामलों से बढ़ी चिंता केजरीवाल बोले, दिल्ली की कानून व्यवस्था भगवान भरोसे

ARVIND KEJARIWAL: भाजपा की चार इंजन की सरकार को देश की राजधानी दिल्ली में लोगों की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है। नतीजा यह है कि दिल्ली में न सिर्फ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, बल्कि बड़ी संख्या में लोग लापता भी हो रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। दिल्ली में हर दिन औसतन 54 लोगों के गायब होने को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। महज 15 दिनों में 807 लोगों का लापता होना चौपट हो चुकी कानून व्यवस्था का जीता-जागता सबूत है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से सतर्क और सावधान रहने की अपील भी की है।
15 दिनों में 807 लोग लापता, हालात डराने वाले: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मीडिया रिपोर्ट साझा करते हुए कहा कि दिल्ली में सिर्फ 15 दिनों के भीतर 807 लोग गायब हो गए, जिनमें सबसे ज्यादा महिलाएं और बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि ये हालात सामान्य नहीं, बल्कि बेहद डराने वाले हैं। देश की राजधानी में लोगों की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। केजरीवाल ने सवाल उठाया कि जब दिल्ली में हर स्तर पर भाजपा की सरकार है, तो फिर राजधानी इतनी असुरक्षित क्यों है?
आम आदमी पार्टी ने जनता से की सतर्क रहने की अपील
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से खासतौर पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर सावधान रहने की अपील की है। पार्टी ने कहा कि बीते 15 दिनों में 800 से ज्यादा लोग लापता हुए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चियां शामिल हैं। पार्टी का आरोप है कि जनता और बच्चों की सुरक्षा में सरकार के चारों इंजन पूरी तरह फेल हो चुके हैं। इसलिए लोगों को खुद सतर्क रहना होगा।
दिल्ली की कानून व्यवस्था ICU में: AAP
पार्टी ने दावा किया कि दिल्ली की कानून व्यवस्था आईसीयू में पड़ी हुई है। 1 से 15 जनवरी के बीच 807 लोगों के लापता होने और हर दिन औसतन 54 लोगों के गायब होने के आंकड़े बेहद भयावह हैं। आम आदमी पार्टी ने कहा कि राजधानी से इतने गंभीर आंकड़े सामने आने के बावजूद भाजपा सरकार सोई हुई है और कानून व्यवस्था मज़ाक बन चुकी है।
दिनदहाड़े हत्याएं, अपराधी फरार, सरकार बेपरवाह
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में रोज़ दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। सड़कों पर खुलेआम मर्डर करके अपराधी फरार हो जाते हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस के मुखिया अमित शाह को कोई फर्क नहीं पड़ता। पार्टी ने कहा कि चार इंजन की सरकार ‘चारसौबीसी’ में व्यस्त है और दिल्ली की जनता डर के साए में जीने को मजबूर है।



