मुरादाबाद में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

प्रेम संबंध के चलते पति बना हत्या का शिकार पत्नी ने प्रेमी और साथियों संग मिलकर रची साजिश पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

Up news: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। थाना भोजपुर क्षेत्र में एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के जरिए अपने पति की हत्या करवा दी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 

क्या है पूरा मामला?

थाना भोजपुर के सिरसवा गोधी गांव निवासी अख्तर अली की शादी करीब 19 साल पहले शबीना से हुई थी। दंपती के छह बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और पांच बेटियां शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि शबीना के अपने बहनोई अल्ताफ के साथ लंबे समय से अवैध संबंध थे। शबीना जब भी अल्ताफ से मिलने जाती थी, तो इस बात को लेकर पति अख्तर से उसका अक्सर झगड़ा होता था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते दोनों के बीच मारपीट भी होती थी।

 

गुमशुदगी से हत्या तक

27 जनवरी को अख्तर घर से कुछ सामान लेने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश के बाद 28 जनवरी को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। 30 जनवरी को गांव की नहर में एक शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव की पहचान अख्तर अली के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई।

 

पत्नी ने कबूला जुर्म

शुरुआत में पुलिस इसे हादसा मान रही थी, लेकिन जांच के दौरान शबीना और अल्ताफ के संबंधों की जानकारी सामने आई। पूछताछ में शबीना ने स्वीकार किया कि उसका अल्ताफ के साथ पिछले 18 सालों से प्रेम संबंध था। उसने बताया कि पति द्वारा विरोध और प्रताड़ना से परेशान होकर उसने प्रेमी अल्ताफ के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और अख्तर को पानी में डुबोकर मार डाला।

 

पुलिस का बयान

एसपी देहात ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पूछताछ में सामने आया कि शबीना और अल्ताफ ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर इस हत्या की योजना बनाई थी। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button