बारामती विमान हादसा: अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार को लेकर बढ़ी चर्चा, जानिए उनका पूरा प्रोफाइल
बारामती में हुए विमान हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र शोक में डूबा। हादसे के बाद उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जानिए सुनेत्रा पवार का राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक सफर।

Maharashtra news: बारामती में लैंडिंग के दौरान हुए विमान हादसे की खबर ने पूरे महाराष्ट्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता अजित पवार के निधन की खबर सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय अजित पवार के निजी विमान में तकनीकी खराबी आ गई। देखते ही देखते विमान क्रैश हो गया और उसमें आग लग गई। इस हादसे में विमान में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने न सिर्फ राजनीतिक जगत को झकझोर दिया है, बल्कि पवार परिवार के निजी जीवन को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है। खास तौर पर अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोग जानना चाहते हैं कि सुनेत्रा पवार कौन हैं, उनका सार्वजनिक जीवन कैसा रहा है और राजनीति में उनकी भूमिका क्या रही है।
कौन हैं सुनेत्रा पवार
सुनेत्रा अजीत पवार का जन्म 18 अक्टूबर 1963 को हुआ था। वह महाराष्ट्र के प्रभावशाली पवार परिवार की सदस्य हैं। वर्ष 1985 में उनका विवाह अजित पवार से हुआ। लंबे समय तक सुनेत्रा पवार सामाजिक कार्यों से जुड़ी रहीं, लेकिन समय के साथ उन्होंने राजनीति में भी अपनी अलग पहचान बनाई। वर्तमान में वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं। जून 2024 में उन्हें प्रफुल्ल पटेल द्वारा खाली की गई राज्यसभा सीट पर निर्विरोध चुना गया था। इसके साथ ही उन्होंने संसदीय राजनीति में औपचारिक एंट्री की।
राजनीति से पहले समाज सेवा
सुनेत्रा पवार का नाम सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रहा। वह वर्षों से समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में सक्रिय रही हैं। वर्ष 2010 में उन्होंने एनवायरनमेंटल फोरम ऑफ इंडिया (EFOI) की स्थापना की। यह संगठन पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, ऑर्गेनिक खेती और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों पर काम करता है। इसके अलावा सुनेत्रा पवार शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय रही हैं। वह विद्या प्रतिष्ठान जैसे शैक्षणिक संस्थानों की ट्रस्टी रही हैं, जो ग्रामीण और छोटे शहरों के छात्रों को बेहतर शिक्षा देने के लिए जाने जाते हैं।
चुनावी राजनीति में कदम
लंबे समय तक चुनावी राजनीति से दूरी बनाए रखने के बाद सुनेत्रा पवार ने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने NCP उम्मीदवार के तौर पर बारामती सीट से चुनाव लड़ा। यह मुकाबला इसलिए भी खास रहा क्योंकि उनके सामने शरद पवार की बेटी और उनकी ननद सुप्रिया सुले थीं। ननद-भाभी के इस हाई-प्रोफाइल चुनावी मुकाबले ने महाराष्ट्र की राजनीति को खासा चर्चा में ला दिया। हालांकि सुनेत्रा पवार को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।
शैक्षणिक योग्यता
सुनेत्रा पवार पढ़ी-लिखी और शिक्षित पृष्ठभूमि से आती हैं। उन्होंने अप्रैल 1983 में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय से, एस.बी. आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज, औरंगाबाद से बैचलर ऑफ कॉमर्स (B.Com) की डिग्री प्राप्त की थी।
पारिवारिक जीवन
सुनेत्रा और अजित पवार के दो बेटे हैं, पार्थ पवार और जय पवार। दोनों ही सार्वजनिक जीवन से जुड़े रहे हैं। सुनेत्रा पवार को हमेशा एक ऐसी महिला के रूप में देखा गया है, जिन्होंने परिवार और सार्वजनिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाए रखा। उनका नाम महाराष्ट्र स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक से जुड़े एक मामले में सामने आया था, लेकिन बाद में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने उन्हें क्लीन चिट दे दी थी।
अजित पवार के बाद आगे की राह
अजित पवार के निधन के बाद पवार परिवार और महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है। ऐसे वक्त में सुनेत्रा पवार का सामाजिक और राजनीतिक अनुभव एक बार फिर चर्चा में है। वह सिर्फ एक बड़े नेता की पत्नी नहीं रहीं, बल्कि समाज, पर्यावरण और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली एक स्वतंत्र पहचान भी रखती हैं। आने वाले समय में माना जा रहा है कि वह पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ राजनीति और समाज सेवा में भी अहम भूमिका निभा सकती हैं।



