महाराष्ट्र की सियासत में ‘ब्लैक वेडनसडे’, विमान हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार समेत 5 की मौत

महाराष्ट्र की राजनीति में बुधवार का दिन एक काले अध्याय के तौर पर दर्ज हो गया। भीषण विमान हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Maharashtra news: महाराष्ट्र की राजनीति के लिए आज का दिन एक काले अध्याय के तौर पर दर्ज हो गया है। बुधवार सुबह हुए भीषण विमान हादसे में राज्य के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया। इस हादसे ने न सिर्फ राजनीतिक गलियारों को हिला दिया, बल्कि कई परिवारों की खुशियां भी हमेशा के लिए छीन लीं। यह हादसा बॉम्बार्डियर एयरोस्पेस के लेयरजेट-45 चार्टर विमान के साथ हुआ, जिसमें कुल 5 लोग सवार थे। हादसे में विमान में मौजूद सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

 

विमान में कौन-कौन था सवार

हादसे का शिकार हुए विमान में, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार, उनके PSO विदीप जाधव, पायलट कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली सवार थीं। दुर्घटना में किसी को भी बचाया नहीं जा सका।

 

‘टीवी पर खबर देखी तो हाथ-पैर फूल गए’: पिंकी के पिता

 

इस हादसे में जान गंवाने वाली फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पिंकी के पिता शिवकुमार माली और मां अपनी बेटी को याद कर बार-बार रो पड़ते हैं। पिता ने भावुक होते हुए बताया, “सुबह टीवी पर न्यूज देखी कि अजित दादा की फ्लाइट क्रैश हो गई है, तभी हमारे हाथ-पैर फूल गए। बाद में पता चला कि सभी की मौत हो गई… और हमने अपनी बेटी खो दी।”

 

आखिरी बातचीत में कही थी ये बात

शिवकुमार माली ने बताया कि हादसे से कुछ घंटे पहले ही उनकी बेटी से आखिरी बातचीत हुई थी।  “पिंकी ने बताया था कि वह अजित दादा के साथ बारामती जा रही है, फिर वहां से नांदेड जाना है। कल रात फोन पर बोली थी, मैं अजीत दादा के साथ हूं। वही आखिरी बातचीत थी।” पिंकी की उम्र महज 29 साल थी। उनके पति पुणे की एक निजी कंपनी में मैनेजर हैं।

 

‘फ्लाइट में क्या खराबी थी, ये बाद में पता चलेगा… हमने तो बेटी खो दी’

हादसे के कारणों पर बात करते हुए पिता ने कहा, “फ्लाइट में तकनीकी खराबी थी या कोई और वजह, ये जांच के बाद पता चलेगा। लेकिन सच्चाई यही है कि हमने अपनी बेटी खो दी।” उन्होंने अपनी पुरानी जिंदगी का जिक्र करते हुए बताया कि वे कभी दिल्ली एयरपोर्ट पर ड्राई क्लीनिंग का काम किया करते थे।  “1989 में प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह की फ्लाइट के दौरान मुझसे एक गलती हो गई थी, जिसकी वजह से नौकरी चली गई। तब भी यही कहा गया था, प्रधानमंत्री की फ्लाइट में कोई एक्सक्यूज नहीं चलता।”

 

पिता का सपना पूरा करना चाहती थी पिंकी

पिंकी को याद करते हुए शिवकुमार माली की आवाज भर आई।  “जब भी मेरे साथ बैठती थी, कहती थी, पापा, आपका सपना पूरा करूंगी। उसने अजित दादा से मुझे फोन भी करवाया था। मैं उनकी पार्टी का एक पदाधिकारी हूं।”

Related Articles

Back to top button