नालंदा में दहेज की दरिंदगी: गर्भवती महिला को जिंदा जलाकर हत्या
दहेज की मांग ने ली गर्भवती महिला की जान सोने की चेन न मिलने पर ससुरालवालों पर हत्या का आरोप पुलिस जांच में जुटी, सभी आरोपी फरार

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालवालों ने एक गर्भवती महिला को कथित तौर पर जिंदा जलाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
यह सनसनीखेज घटना नालंदा जिले के थरथरी थाना क्षेत्र के मेहतरमा गांव की है। मृतका की पहचान स्तुति कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि दहेज में सोने की चेन नहीं मिलने से नाराज होकर ससुराल पक्ष के लोगों ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
9 महीने पहले हुई थी शादी
मृतका के मायके वालों के अनुसार, स्तुति कुमारी की शादी करीब 9 महीने पहले मेहतरमा गांव निवासी चिंटू कुमार उर्फ मणिकांत से हुई थी। शादी के समय सोने की चेन देने की बात कही गई थी, लेकिन यह मांग पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद से ही स्तुति को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।
पहले मारपीट, फिर जिंदा जलाया
परिजनों ने बताया कि स्तुति कुमारी दो महीने की गर्भवती थी। कुछ दिन पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि घटना वाले दिन पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, फिर उस पर तेल छिड़ककर आग लगा दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ससुराल के सभी लोग फरार हो चुके थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल भेज दिया है। साथ ही एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
डीएसपी हिलसा का बयान
इस मामले में डीएसपी हिलसा शैलजा कुमारी ने बताया कि सूचना मिली है कि गर्भवती महिला की ससुरालवालों द्वारा जलाकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



