गणतंत्र दिवस पर भारत को डोनाल्ड ट्रंप की बधाई, कर्तव्य पथ पर दिखी ताकत
गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर भारत की सैन्य ताकत का प्रदर्शन ऑपरेशन सिंदूर के रीप्ले और एयरफोर्स के फॉर्मेशन ने खींचा ध्यान डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को 77वें गणतंत्र दिवस की दी बधाई

दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आज पूरी दुनिया ने नए भारत की ताकत और आत्मविश्वास को देखा। 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भव्य रीप्ले किया गया। आसमान में भारतीय वायुसेना ने सिंदूर फॉर्मेशन बनाकर शक्ति का प्रदर्शन किया, जबकि जमीन पर थलसेना, नौसेना और वायुसेना ने ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित झांकी निकाली। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। ट्रंप की यह शुभकामनाएं ऐसे समय में आई हैं जब व्यापार और टैरिफ नीतियों को लेकर भारत-अमेरिका संबंधों में कुछ तनाव देखा जा रहा है।
ट्रंप ने क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की जनता की ओर से वह भारत सरकार और भारतीय लोगों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत, दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्र होने के नाते, एक ऐतिहासिक बंधन साझा करते हैं। ट्रंप का यह संदेश नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया पर साझा किया।
विदेश मंत्री मार्को रूबियो का बयान
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक जुड़ाव है और रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों व उभरती तकनीकों जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। रूबियो ने ‘क्वाड’ के माध्यम से बहुस्तरीय साझेदारी का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका-भारत संबंध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए ठोस परिणाम दे रहे हैं।
परेड में दिखी अमेरिकी तकनीक
इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में अमेरिका निर्मित सी-130जे परिवहन विमान और अपाचे हेलीकॉप्टर सहित कई आधुनिक लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया। परेड में भारतीय सेनाओं की ताकत और आधुनिक तकनीक का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
दो चीफ गेस्ट और खास थीम
इस बार गणतंत्र दिवस परेड में दो मुख्य अतिथि शामिल हुए। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कर्तव्य पथ पर भारत की सैन्य और सांस्कृतिक ताकत को लाइव देखा। परेड की थीम ‘वंदे मातरम्’ रखी गई थी। कर्तव्य पथ पर कुल 30 झांकियां निकलीं, जो ‘स्वतंत्रता का मंत्र वंदे मातरम्, समृद्धि का मंत्र आत्मनिर्भर भारत’ थीम पर आधारित थीं।
एयरफोर्स का भव्य फ्लाईपास्ट
परेड के दौरान भारतीय वायुसेना के 29 एयरक्राफ्ट ने फ्लाईपास्ट किया। इनमें 16 फाइटर जेट, 4 परिवहन विमान और 9 हेलीकॉप्टर शामिल थे, जिसने आसमान में भारत की वायु शक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।



