छठवीं पास युवक ने क्रिप्टो-शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी, रायपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

अधिक मुनाफे और मासिक ब्याज का झांसा देकर 26 लोगों से 1.35 करोड़ की ठगी आरोपी कुलदीप भतपहरी निकला छठवीं पास, पहले भी ठगी के मामले में जा चुका है जेल एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की कार्रवाई, लैपटॉप–मोबाइल समेत कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त

Raipur: क्या एक छठवीं पास युवक करोड़ों की ठगी कर सकता है? सुनने में अजीब लगता है, लेकिन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में यही हुआ। क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर एक युवक ने 2 दर्जन से ज्यादा लोगों से करोड़ों रुपये ठग लिए। अब रायपुर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक क्रिप्टो करेंसी, शेयर ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लोगों को अधिक लाभ और मासिक ब्याज का लालच देता था। इसी झांसे में आकर 26 लोगों ने उसके पास निवेश किया। आरोप है कि युवक ने कुल 1 करोड़ 35 लाख 14 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दिया और फिर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप भतपहरी के रूप में हुई है, जो केवल छठवीं कक्षा तक पढ़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 कंप्यूटर सिस्टम, 1 लैपटॉप और 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

 

पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस जांच में सामने आया है कि कुलदीप भतपहरी पहले भी इसी तरह की ठगी के एक मामले में थाना टिकरापारा से जेल जा चुका है। इसके बावजूद उसने दोबारा लोगों को ठगने की साजिश रची।

 

कैसे खुली ठगी की पोल

रायपुर निवासी अमित दास ने थाना पंडरी में शिकायत दर्ज कराई थी। अमित दास ने बताया कि साल 2021-22 में उसकी मुलाकात कुलदीप भतपहरी से हुई थी। आरोपी ने खुद को शेयर मार्केट, IPO, NSE, MSEI और CDSL से जुड़ा निवेश सलाहकार बताया। आरोपी ने अमित दास और उसके भाई रोहित दास को ‘के.बी. प्लान’ के नाम पर निवेश करने पर ज्यादा मुनाफा और मासिक ब्याज देने का लालच दिया। इस दौरान आरोपी ने ऑनलाइन और नकद मिलाकर 15,60,004 रुपये ले लिए। शुरुआती कुछ महीनों तक आरोपी ने ब्याज दिया, लेकिन दिसंबर 2024 में वह अचानक फरार हो गया।

 

पुलिस की कार्रवाई

शिकायत के बाद रायपुर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पंडरी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ थाना पंडरी में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button