न्यू जर्सी में दिल दहला देने वाली घटना, भारतीय मूल की महिला पर दो बेटों की हत्या का आरोप

न्यू जर्सी के हिल्सबोरो में दो मासूम बच्चों की मौत से हड़कंप भारतीय मूल की महिला प्रियाथर्सिनी नटराजन गिरफ्तार फर्स्ट-डिग्री मर्डर के आरोप, जांच जारी

अमेरिका के न्यू जर्सी राज्य के हिल्सबोरो टाउनशिप से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां भारतीय मूल की 35 वर्षीय महिला प्रियाथर्सिनी नटराजन को अपने दो नाबालिग बेटों की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सोमरसेट काउंटी के प्रॉसिक्यूटर जॉन मैकडॉनल्ड के मुताबिक, यह घटना 13 जनवरी 2026 की शाम करीब 6:45 बजे सामने आई। बच्चों के पिता ने 911 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि जब वह काम से घर लौटे, तो उनके 5 और 7 साल के बेटे बेहोश अवस्था में पड़े थे। कॉल के दौरान उन्होंने आशंका जताई कि उनकी पत्नी ने बच्चों के साथ कुछ किया है।

 

बेडरूम में मिले दोनों बच्चों के शव

पुलिस के मौके पर पहुंचने पर घर में बच्चों के पिता और उनकी पत्नी प्रियाथर्सिनी नटराजन मौजूद थीं। जांच के दौरान एक बेडरूम से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह संकेत मिले हैं कि बच्चों की मौत के पीछे उनकी मां का ही हाथ हो सकता है, जिसके बाद प्रियाथर्सिनी नटराजन को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

 

महिला पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर के आरोप

पुलिस के अनुसार, नटराजन पर दो मामलों में फर्स्ट-डिग्री मर्डर और एक थर्ड-डिग्री अपराध के तहत गैरकानूनी उद्देश्य से हथियार रखने का आरोप लगाया गया है। फिलहाल आरोपी महिला को सुनवाई तक सोमरसेट काउंटी जेल में रखा गया है।इस मामले की जांच हिल्सबोरो टाउनशिप पुलिस, सोमरसेट काउंटी प्रॉसिक्यूटर ऑफिस की मेजर क्राइम्स यूनिट, क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन यूनिट और न्यू जर्सी नॉर्दर्न रीजनल मेडिकल एग्जामिनर के ऑफिस द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है।

 

बच्चों के नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं

अधिकारियों ने बताया कि बच्चों की पहचान, मौत के सही कारण और तरीके का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। फिलहाल बच्चों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button