सपने में मिला संकेत, पीपल के पेड़ के नीचे खुदाई में निकली खाटू श्याम की मूर्ति, देखने उमड़ी भीड़
सपने में बताए स्थान पर खुदाई के दौरान मिली खाटू श्याम से प्रतीत मूर्ति मूर्ति मिलने की खबर से गांव में जुटी भारी भीड़, लोग कर रहे हैं दर्शन प्रशासन ने लिया संज्ञान, SDM ने जांच की बात कही

Khatushyam news: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के हसनगंज क्षेत्र से एक बेहद अनोखा और चर्चा में आया मामला सामने आया है। हसनगंज तहसील के बीचपुरी गांव में एक पीपल के पेड़ के नीचे खुदाई के दौरान खाटू श्याम से मिलती-जुलती एक मूर्ति मिलने का दावा किया गया है। जैसे ही यह खबर फैली, मूर्ति के दर्शन के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी। बताया जा रहा है कि इस मूर्ति के बारे में जानकारी गांव के एक युवक को सपने के माध्यम से मिली थी। युवक का दावा है कि उसे लगातार सपनों में खाटू श्याम दिखाई दे रहे थे और पेड़ के नीचे दबे होने की बात कह रहे थे।
सपने में बताई गई जगह पर हुई खुदाई
बीचपुरी गांव निवासी मनोहर लाल के 25 वर्षीय बेटे अमरपाल इटावा में रहकर बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा है। अमरपाल के अनुसार, बीते कई महीनों से उसे सपने में खाटू श्याम दिखाई दे रहे थे, जो घर के बाहर स्थित पीपल के पेड़ के नीचे खुद के दबे होने की बात कहते थे। लगातार सपनों से परेशान होकर अमरपाल 7 जनवरी को इटावा से गांव लौटा और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद बुधवार सुबह गांव वालों और परिजनों की मौजूदगी में पीपल के पेड़ के नीचे खुदाई शुरू की गई। करीब डेढ़ फीट खुदाई के बाद वहां से खाटू श्याम से प्रतीत होने वाली एक मूर्ति मिलने का दावा किया गया।
मूर्ति को किया गया स्थापित, जुटी भीड़
मूर्ति मिलने की खबर मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने मूर्ति को वहीं पीपल के पेड़ के नीचे स्थापित कर दिया। लोग दर्शन करने लगे और चढ़ावा भी चढ़ाया जा रहा है। मामले की जानकारी प्रशासन को भी दे दी गई है।हालांकि, इस घटना को लेकर गांव और आसपास के इलाकों में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कई लोग इसे अंधविश्वास बता रहे हैं। इस पूरे मामले पर एसडीएम प्रज्ञा पांडे ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और इसकी जांच कराई जाएगी।



