12 दिन बाद सकुशल लौटे अंश-अंशिका, जगन्नाथपुर में फागुन से पहले होली जैसा जश्न

12 दिन बाद किडनैप हुए अंश और अंशिका सकुशल घर लौटे सचिन और डब्लू की सतर्कता से रामगढ़ के रजरप्पा में मिले बच्चे बच्चों की वापसी से जगन्नाथपुर में जश्न और खुशी का माहौल

Jharkhand news: झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर इलाके में उस वक्त खुशी की लहर दौड़ गई, जब 12 दिन पहले लापता हुए अंश और अंशिका सकुशल अपने घर लौट आए। बच्चों के वापस आने की खबर मिलते ही न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा गांव जश्न में डूब गया। माहौल ऐसा था, मानो फागुन से पहले ही होली आ गई हो। लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाइयां देते नजर आए। अंश और अंशिका के घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। हर चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दे रही थी। लंबे इंतजार और अनिश्चितता के बाद बच्चों की सुरक्षित वापसी ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया।

सचिन और डब्लू की सतर्कता से मिली सफलता

बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे 2 जनवरी को लापता हो गए थे। उनकी तलाश झारखंड पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी। रांची पुलिस के साथ-साथ कई राज्यों की पुलिस टीमें भी बच्चों की खोज में लगी थीं, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी बीच रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के अहमद नगर में दोनों बच्चे सुरक्षित पाए गए। यह कामयाबी स्थानीय युवक सचिन और डब्लू की सजगता से संभव हो सकी। उन्होंने एक महिला और पुरुष के साथ दो छोटे बच्चों को देखा, जिनकी गतिविधियां उन्हें संदिग्ध लगीं। बिना समय गंवाए उन्होंने बच्चों की तस्वीरें लीं और सोशल मीडिया पर साझा कर दीं। तस्वीरों का मिलान लापता बच्चों के पोस्टर और बैनरों से होते ही उन्होंने सीधे बच्चों के परिजनों और रजरप्पा थाना पुलिस को सूचना दी।

 

Jharkhand news: परिवार ने जताया आभार

बच्चों के सकुशल मिलने के बाद अंश-अंशिका का परिवार सचिन और डब्लू का धन्यवाद करते नहीं थक रहा है। परिजनों का कहना है कि अगर समय पर दोनों युवकों ने सतर्कता नहीं दिखाई होती, तो शायद बच्चों को ढूंढना और मुश्किल हो सकता था।

 

आरोपी भी गिरफ्तार

Jharkhand news: सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस महज 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और दोनों मासूम बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस दौरान बच्चों के साथ मौजूद एक महिला और एक पुरुष को भी हिरासत में ले लिया गया। बाद में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रामगढ़ एसपी कार्यालय भेज दिया गया। बच्चों की सुरक्षित वापसी से जहां परिवार ने राहत की सांस ली है, वहीं पूरे इलाके में खुशियों का माहौल बना हुआ है।

 

Related Articles

Back to top button