NH-53 पर गैस सिलेंडरों से भरी पिकअप में भीषण आग, सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

NH-53 पर सिलेंडरों से भरी पिकअप में लगी भीषण आग सिलेंडर फटने से इलाके में मचा हड़कंप, ड्राइवर झुलसा प्रशासन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, 4 घंटे बंद रहा हाईवे

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक बड़ी और बेहद डरावनी घटना सामने आई है। महासमुंद के सरायपाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 पर छूहीपाली के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां रसोई गैस सिलेंडरों से भरे एक पिकअप वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि वाहन में लदे गैस सिलेंडर एक-एक कर पटाखों की तरह फटने लगे। धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, गैस सिलेंडरों से भरी पिकअप गाड़ी नेशनल हाईवे-53 से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन में रखे सिलेंडरों के पास से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाई और वाहन को आबादी से दूर सड़क किनारे खड़ा कर दिया। हालांकि आग की लपटें तेज होने के कारण ड्राइवर झुलस गया, लेकिन उसने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सिलेंडर लगातार फटने लगे।

 

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

महासमुंद में हुई यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियातन दोनों ओर से यातायात रोक दिया गया और आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटा दिया गया। इसी सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना के कारण नेशनल हाईवे-53 पर करीब 4 घंटे तक आवागमन बाधित रहा। फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और यातायात को दोबारा शुरू कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button