गोरखपुर: पति पर गंभीर आरोप, पत्नी ने कोर्ट में मांगा हर्जाना
बांसगांव से सामने आया सनसनीखेज पारिवारिक विवाद पत्नी ने पति पर अमानवीय व्यवहार और प्रताड़ना के लगाए आरोप बेटियों के भरण-पोषण को लेकर कोर्ट में चल रहा मामला

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बांसगांव क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दो बच्चियों की मां ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। महिला का आरोप है कि उसका पति चुपके से दिल्ली में जेंडर चेंज करा चुका है और विरोध करने पर उसने उसके साथ मारपीट, प्रताड़ना और जबरन अमानवीय व्यवहार किया। पीड़िता का कहना है कि पति की प्रताड़ना से वह मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) में चली गई है। अब उसने अपनी दोनों बेटियों के भरण-पोषण के लिए पति से हर्जाने की मांग की है। वहीं, पति की ओर से भी कोर्ट में अलग प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया है। फिलहाल मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
क्या है पूरा मामला?
बांसगांव क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय महिला के अनुसार, उसकी शादी 24 अप्रैल 2016 को धूमधाम से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति का व्यवहार बदलने लगा और वह मारपीट करने लगा। महिला ने बताया कि प्रताड़ना के बावजूद वह शादी निभाती रही। इस दौरान उसकी दो बेटियां हुईं, जिनकी उम्र वर्तमान में 7 वर्ष और 5 वर्ष बताई जा रही है। आरोप है कि बेटियां होने के कारण पति और ससुराल पक्ष उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। 20 जून 2021 को दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर उसे बेटियों समेत घर से निकाल दिया गया।
मध्यस्थता के बाद फिर लौटी ससुराल
महिला ने बताया कि इसके बाद उसने कोर्ट का सहारा लिया। मध्यस्थता केंद्र के हस्तक्षेप के बाद 29 अप्रैल 2024 को वह दोबारा ससुराल गई, लेकिन वहां हालात और भी खराब हो गए।पीड़िता का दावा है कि ससुराल लौटने के बाद उसे पति के जेंडर चेंज से जुड़ी जानकारी मिली। उसने आरोप लगाया कि पति ने कोर्ट में गलत जानकारी देकर हर्जाने से बचने के लिए उसे दोबारा साथ रखा और बाद में किराए के मकान में शिफ्ट कर दिया।
जबरन संबंध और नशीली दवा देने का आरोप
महिला के अनुसार, पति उस पर अन्य पुरुषों के साथ जबरन यौन संबंध बनाने का दबाव डालता था। इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और नशीली दवाएं देकर जबरन संबंध बनवाए गए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति एक प्राइवेट कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत है और उसकी गाड़ी चलाने वाला चालक भी उसके साथ गलत संबंध बनाता था। महिला का कहना है कि उसे धोखे में रखकर बार-बार शोषण किया गया।
पुलिस और कोर्ट का रुख
महिला ने बताया कि 29 अप्रैल 2025 को उसे उसके मायके छोड़ दिया गया, जिसके बाद पति ने खजनी थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जब उसे तलाशते हुए घर पहुंची तो उसने पूरी आपबीती बताई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब महिला ने पति पर धोखाधड़ी, क्रूरता और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाते हुए कोर्ट में हर्जाने की मांग की है। मामला फिलहाल अदालत में लंबित है।



