वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का जेडी वेंस ने किया बचाव

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने वेनेजुएला पर हुई सैन्य कार्रवाई का बचाव किया ड्रग तस्करी और नारकोटेररिज़्म को कार्रवाई की बड़ी वजह बताया तेल संपत्तियों के इस्तेमाल पर लगे आरोपों पर भी दिया जवाब

Jd vance: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने वेनेजुएला में की गई अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का खुलकर बचाव किया है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला लंबे समय से ड्रग तस्करी में शामिल रहा है और वहां से होने वाली अवैध गतिविधियों को फंड करने के लिए जब्त की गई तेल संपत्तियों का इस्तेमाल किया गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए जेडी वेंस ने उन दावों को खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि वेनेजुएला का ड्रग व्यापार से बहुत कम संबंध है। वेंस के मुताबिक, ऐसे दावे लोगों को गुमराह करने वाले हैं।

 

जेडी वेंस ने क्या कहा?

वेंस ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अक्सर यह तर्क दिया जाता है कि वेनेजुएला ड्रग तस्करी में शामिल नहीं है, क्योंकि ज्यादातर फेंटानिल किसी और जगह से आता है। लेकिन उन्होंने साफ कहा कि फेंटानिल ही दुनिया की इकलौती ड्रग नहीं है। उन्होंने कहा, “वेनेजुएला से फेंटानिल पहले आता रहा है और कुछ हद तक अब भी आ रहा है। इसके अलावा कोकीन, जो वेनेजुएला से तस्करी की जाने वाली मुख्य ड्रग है, लैटिन अमेरिका के ड्रग कार्टेल की कमाई का सबसे बड़ा जरिया बनी हुई है।” वेंस के मुताबिक, अगर कोकीन से होने वाली कमाई को खत्म किया जाए या उसे कम किया जाए, तो ड्रग कार्टेल को बड़ा झटका लगेगा।

 

तेल के लिए हमला करने के आरोपों पर जवाब

वेनेजुएला पर कार्रवाई को लेकर अमेरिका पर यह आरोप भी लगे कि यह हमला तेल के लिए किया गया। इस पर जवाब देते हुए जेडी वेंस ने कहा कि करीब 20 साल पहले वेनेजुएला ने अमेरिकी तेल कंपनियों की संपत्तियां जब्त कर ली थीं। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों तक उन्हीं जब्त की गई संपत्तियों का इस्तेमाल वेनेजुएला सरकार ने अपनी अवैध गतिविधियों और तथाकथित ‘नारकोटेररिस्ट’ नेटवर्क को फंड करने के लिए किया।

 

‘अमेरिका फिर से महान शक्ति’

सैन्य कार्रवाई को लेकर उठ रही चिंताओं पर वेंस ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका फिर से एक मजबूत और निर्णायक वैश्विक शक्ति बन चुका है। गौरतलब है कि शनिवार को वेनेजुएला के खिलाफ हुई अमेरिकी कार्रवाई के बाद ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी पर ड्रग तस्करी और नार्को-आतंकवाद से जुड़े गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि उन्हें अमेरिकी अदालत में मुकदमे का सामना करना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button