आंध्र प्रदेश के अंबेडकर कोनासीमा में ONGC गैस लीक, कई इलाकों में आग से हड़कंप
ONGC की पाइपलाइन से गैस लीक होने के बाद इलाके में मचा हड़कंप गैस रिसाव से कई जगहों पर आग, ऊंची लपटों से दहशत स्थिति नियंत्रित करने में जुटी ONGC, फायर ब्रिगेड और प्रशासन

Gas leak: आंध्र प्रदेश के अंबेडकर कोनासीमा जिले में गैस लीक की गंभीर घटना सामने आई है। राजोलु टाउन के इरुसुमांडा गांव और मलिकिपुरम मंडल में ONGC की पाइपलाइन से गैस लीक होने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गैस के तेज रिसाव से स्थानीय लोग दहशत में आ गए। कई स्थानों पर गैस की वजह से आग लगने की भी खबर है, जिससे ऊंची-ऊंची लपटें उठती देखी गईं।
स्थिति को काबू में लाने की कोशिश
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने ONGC अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद प्रशासनिक अमला ONGC की टीम के साथ मिलकर हालात को नियंत्रित करने में जुट गया। आग की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित इलाके को खाली कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
आग बुझाने में जुटी फायर ब्रिगेड
फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी बालकृष्ण ने बताया कि मलिकिपुरम मंडल के इरुसुमांडा गांव में गैस लीक की पुष्टि हुई है। सूचना मिलने के बाद ONGC अधिकारी, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग काफी डरे हुए हैं।
तीन गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित
सुरक्षा कारणों से आसपास के तीन गांवों में गैस और बिजली की आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। ONGC की तकनीकी टीम मौके पर मौजूद है और लीक हुई गैस को बंद करने का काम लगातार किया जा रहा है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।



