सतना में बीजेपी पार्षद के पति पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

सतना में बीजेपी पार्षद के पति पर महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप पीड़िता का दावा– चाकू की नोक पर रेप, वीडियो बनाकर महीनों तक करता रहा शोषण वायरल वीडियो के बाद पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

Madhya pradesh: मध्य प्रदेश के सतना से एक बेहद चौंकाने और गंभीर मामला सामने आया है। यहां रामपुर बघेलान नगर परिषद में बीजेपी पार्षद के पति अशोक सिंह पर एक महिला के साथ चाकू की नोक पर दुष्कर्म करने, उसका वीडियो बनाने और फिर उसी वीडियो के जरिए उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल कर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगा है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिसके डर से वह लंबे समय तक चुप रही।

 

कैमरे के सामने धमकी और वायरल वीडियो

पीड़िता के मुताबिक, जब उसने आरोपी से कैमरे के सामने बात करते हुए कहा कि वह उनकी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देगी, तो आरोपी ने बेखौफ होकर कहा कि उसका कोई कुछ नहीं कर सकता। इसी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर अशोक सिंह एक पुलिस अधिकारी को गाली देते और महिला को धमकाते नजर आ रहा है।

वीडियो में आरोपी यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “मेरा क्या होगा? कुछ नहीं होगा, जहां चाहो शिकायत करो।” वहीं, बैकग्राउंड में महिला रोते हुए शिकायत दर्ज कराने की बात करती सुनाई देती है, हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

शिकायत, आरोप और आपराधिक पृष्ठभूमि

पीड़िता ने सोमवार को सतना के पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह को लिखित शिकायत दी, जिसमें बताया कि यह अपराध करीब छह महीने पहले हुआ था। महिला के अनुसार, करही निवासी अशोक सिंह जबरन उसके घर में घुसा, चाकू की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया, इस घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड किया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप रहने पर मजबूर किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि 20 दिसंबर को आरोपी दोबारा उसके पास आया, छेड़छाड़ की और धमकियां दोहराईं। महिला का दावा है कि आरोपी का आपराधिक बैकग्राउंड रहा है और उसे पहले जिले से बाहर भी किया जा चुका है, इसी वजह से वह खुद को कानून से ऊपर समझता है।

 

पुलिस कार्रवाई पर सवाल

महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस से संपर्क करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे उसे और उसके परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है। उसने चेतावनी दी है कि अगर उसे या उसके परिवार को कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो समेत सभी आरोपों और सबूतों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button