गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: लुथरा ब्रदर्स मंगलवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर होंगे पेश

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी सौरभ और गौरव लुथरा मंगलवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। गोवा पुलिस दोनों को कस्टडी में लेकर दिल्ली कोर्ट में पेश करेगी। ट्रांजिट रिमांड के बाद आरोपियों को पूछताछ के लिए गोवा ले जाया जाएगा।

गोवा के नाइट क्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी सौरभ और गौरव लुथरा, जिन्हें लुथरा ब्रदर्स के नाम से जाना जाता है, मंगलवार सुबह नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। गोवा पुलिस दोनों आरोपियों को दिल्ली एयरपोर्ट से कस्टडी में लेगी। इसके बाद उन्हें दिल्ली की एक अदालत में पेश किया जाएगा। गोवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वह थाईलैंड नहीं गई थी, बल्कि वहीं की कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपियों को भारत लाया जा रहा है।

 

कोर्ट से मांगी जाएगी ट्रांजिट रिमांड

मंगलवार को कोर्ट में पेशी का मुख्य उद्देश्य आरोपियों के लिए ट्रांजिट रिमांड हासिल करना है। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद गोवा पुलिस को कानूनी रूप से दोनों आरोपियों को दिल्ली से गोवा ले जाने की अनुमति मिल जाएगी, जिससे मामले की आगे की जांच संभव हो सकेगी।

 

घटनास्थल पर ले जाकर होगी पूछताछ

ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद सौरभ और गौरव लुथरा को गोवा ले जाया जाएगा। वहां उनसे नाइट क्लब अग्निकांड को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को घटना स्थल पर भी ले जाया जाएगा, ताकि घटनाक्रम को दोबारा समझा जा सके।

 

नाइट क्लब की आग में गई थीं 25 जानें

यह मामला उत्तरी गोवा के आरपोरा गांव में स्थित नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ से जुड़ा है। 6 दिसंबर 2025 की रात इस क्लब में भीषण आग लग गई थी। आग की शुरुआत लकड़ी की छत से हुई, जो कुछ ही देर में पूरे नाइट क्लब में फैल गई। इस हादसे में पर्यटकों और क्लब कर्मचारियों सहित कुल 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।

 

घटना के बाद थाईलैंड भाग गए थे आरोपी

आग लगने की सूचना मिलते ही लुथरा ब्रदर्स तड़के सुबह दिल्ली से थाईलैंड की फ्लाइट पकड़कर फरार हो गए थे। बताया जा रहा है कि वे वहां छिपने की कोशिश कर रहे थे। अब दोनों को थाईलैंड से नई दिल्ली लाया जा रहा है, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button