डिंडोरी: सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, बीजेपी विधायक ने हाथ से उखाड़ा डामर

डिंडोरी में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल बीजेपी विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने हाथ से उखाड़ा डामर 58 लाख की सड़क एक महीने में ही खराब, विभाग पर गंभीर आरोप

मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले की शहपुरा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे ने सड़क निर्माण में गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। विधायक ने पीडब्ल्यूडी और प्रधानमंत्री सड़क विभाग के अधिकारियों पर ठेकेदारों से मिलीभगत कर घटिया गुणवत्ता की सड़कों का निर्माण कराने का आरोप लगाया है। निरीक्षण के दौरान विधायक खुद सड़क से डामर उखाड़ते नजर आए। उन्होंने बताया कि शहपुरा से मानिकपुर मार्ग का नवीनीकरण महज एक महीने पहले कराया गया था, लेकिन सड़क की हालत इतनी खराब है कि डामर हाथ से ही उखड़ रहा है। विधायक ने कहा कि वे दो दिन पहले सुबह-सुबह इस सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे।

 

58 लाख की लागत, एक महीने में ही सड़क जवाब देने लगी

विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के मुताबिक इस सड़क के नवीनीकरण पर करीब 58 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसके बावजूद सड़क की गुणवत्ता बेहद खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंजीनियर और एसडीओ ने निर्माण कार्य को सही बताते हुए प्रतिवेदन भी भेज दिया, जबकि हकीकत इसके उलट है। उन्होंने यह भी बताया कि मेंहदवानी जनपद के राई से कुकर्रा मार्ग पर भी हाल ही में नवीनीकरण किया गया था, लेकिन वहां भी सड़क से गिट्टी निकल रही है। विधायक ने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के अधिकारी आखिर किस तरह की निगरानी कर रहे हैं।

 

विभागीय मंत्री से शिकायत की चेतावनी

बीजेपी विधायक ने साफ कहा कि इस पूरे मामले की शिकायत वह विभागीय मंत्री से करेंगे। उनका कहना है कि जनता के पैसों से हो रहे कार्यों में इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री महीपत सिंह धुर्वे ने कहा कि साइट पर इंजीनियर और एसडीओ की भूमिका रहती है। विधायक के आरोपों के बाद अब स्थानीय लोगों में भी सड़क निर्माण को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button