‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस की महारैली आज

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आज महारैली। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई वरिष्ठ नेता करेंगे संबोधन। देशभर से जुटे कार्यकर्ता, रैली के बाद राष्ट्रपति से मिलने की भी तैयारी।

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज कांग्रेस ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर एक बड़ी महारैली कर रही है। इस रैली के जरिए पार्टी अपने अभियान को और तेज करने जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सभा को संबोधित करेंगे। वहीं सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी भी तय है।

 

देशभर से रामलीला मैदान पहुंचे कार्यकर्ता

महारैली में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। राजधानी के कई इलाकों में रैली से जुड़े पोस्टर लगाए गए हैं। हरियाणा, कर्नाटक, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और ओडिशा समेत कई राज्यों से कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता पहले कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में एकत्र होंगे और वहां से बसों के जरिए रैली स्थल तक जाएंगे।

 

‘वोट चोरी’ के खिलाफ 55 लाख हस्ताक्षर

कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ करीब 55 लाख हस्ताक्षर जुटाए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सबूतों के साथ यह मुद्दा उठाया और गृह मंत्री को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बहस की चुनौती दी, लेकिन सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं आया।

 

रैली के बाद राष्ट्रपति से मिलने की तैयारी

के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि देशभर में इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है, इसलिए पार्टी ने इसे और आगे बढ़ाने का फैसला किया है। रैली के बाद राष्ट्रपति से मुलाकात का अनुरोध किया गया है, ताकि 5.5 करोड़ हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन उन्हें सौंपा जा सके। यह रैली लोकसभा में चुनाव सुधारों और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर हुई तीखी बहस के कुछ दिनों बाद हो रही है।

 

मोदी सरकार पर संविधान कमजोर करने का आरोप

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। अनुसूचित जाति सलाहकार समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकारों द्वारा दलितों की शिक्षा और नौकरियों के लिए किए गए प्रयासों को मौजूदा सरकार ने कमजोर किया है। खरगे ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार आरक्षण को कमजोर कर रही है और भेदभाव को सही ठहराने की कोशिश कर रही है, जबकि कांग्रेस ने नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम जैसे कानून बनाकर सामाजिक न्याय को मजबूत किया था।

Related Articles

Back to top button