भाजपा को मिला नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, नितिन नबीन को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी
जेपी नड्डा के बाद भाजपा संगठन की कमान अब नितिन नबीन के हाथ संसदीय बोर्ड के फैसले से बिहार को मिला राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा प्रतिनिधित्व पांच बार के विधायक और मंत्री को मिली अहम संगठनात्मक जिम्मेदारी

भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। जेपी नड्डा के बाद अब संगठन की अहम जिम्मेदारी नितिन नबीन के कंधों पर होगी। भाजपा इसे बिहार के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम मान रही है।
पांच बार विधायक, संगठन और सरकार दोनों में मजबूत पकड़
नितिन नबीन बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं। मौजूदा समय में वह बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं। इसके साथ ही नितिन नबीन को पार्टी संगठन में भी अहम जिम्मेदारियां मिली हुई हैं और वह छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं।
राजनीतिक पृष्ठभूमि और सामाजिक पहचान
45 वर्षीय नितिन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं। वह वरिष्ठ भाजपा नेता किशोर सिन्हा के पुत्र हैं। संगठन और सरकार दोनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले नितिन नबीन को पार्टी का भरोसेमंद और जमीनी नेता माना जाता है।
14 दिसंबर 2025 से प्रभावी हुई नियुक्ति
पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक यह नियुक्ति 14 दिसंबर 2025, यानी आज से ही लागू हो गई है। यह आदेश भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी किया गया है। आदेश में साफ तौर पर कहा गया है कि भाजपा के संसदीय बोर्ड ने नितिन नबीन, मंत्री बिहार सरकार, को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है और यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से प्रभावी होगी।



