अगस्त क्रांति राजधानी में TTE की मौत, टिकट चेक करते समय अचानक गिरे
अगस्त क्रांति राजधानी में टिकट चेक करते वक्त टीटीई अचानक बेहोश होकर गिरे सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद हालत हुई गंभीर डॉक्टरों ने अस्पताल में मृत घोषित किया, शुरुआती वजह हार्ट अटैक

मुंबई से दिल्ली जा रही अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। टिकट चेक करते समय एक टीटीई अचानक गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। यात्रियों के मुताबिक मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई, जबकि शुरुआती जांच में वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। घटना उस समय हुई जब ट्रेन यूपी के मथुरा जिले में छाता और कोसीकलां स्टेशनों के बीच से गुजर रही थी। हादसे के बाद ट्रेन को थोड़ी देर के लिए रोका गया।
मोबाइल गिरा और फिर खुद भी गिर पड़े
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के इंस्पेक्टर अविनाश शंकर ने बताया कि गुजरात के वलसाड निवासी 54 वर्षीय टीटीई धीरज कुमार अपने काम के दौरान अचानक असहज महसूस करने लगे। साथियों ने बताया कि उनके हाथ से मोबाइल पहले नीचे गिरा और अगले ही पल वे खुद भी एक ओर गिर पड़े।
सीने में दर्द की शिकायत के बाद मौत
साथियों के अनुसार, धीरज कुमार ने धीमी आवाज में सीने में दर्द होने की शिकायत की थी, जिसके तुरंत बाद वह बेहोश हो गए। कोसीकलां स्टेशन पर ट्रेन को रोककर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि टीटीई को ट्रेन में ही दिल का दौरा पड़ा था। RPF ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन मथुरा पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।



