पाकिस्तान में हिंदुओं पर बढ़ते अत्याचार: सिंध में मां-बेटी का अपहरण, समुदाय में दहशत
सिंध में फिर बढ़ा हिंदुओं पर अत्याचार मां-बेटी के अपहरण से फैली दहशत भारत में भी बढ़ी चिंता और आक्रोश

पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं पर अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताज़ा मामला सिंध प्रांत से आया है, जहां एक हिंदू महिला और उसकी नाबालिग बेटी का अज्ञात बंदूकधारियों ने अपहरण कर लिया। इस घटना ने स्थानीय हिंदू समुदाय में भारी आक्रोश और डर पैदा कर दिया है।
घटना की पूरी कहानी
यह वारदात शनिवार को कराची के शेरशाह स्थित सिंधी मोहल्ले की है। बताया गया कि महिला जैसे ही घर से बाहर निकली, तीन हथियारबंद लोग पहुंचे और उसे उसकी बेटी समेत जबरन एक सफेद कार में बैठाकर ले गए। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन दोनों अभी तक लापता हैं।
‘जबरन धर्म परिवर्तन का खतरा’
सिंध के नागरिक अधिकार कार्यकर्ता शिवा काची के अनुसार, परिवार को आशंका है कि मां-बेटी को जबरन इस्लाम कबूल करवाया जा सकता है और इसके बाद किडनैपर्स में से किसी एक से शादी कराई जा सकती है। काची ने कहा कि “सिंध में यह एक आम पैटर्न बन चुका है — हिंदू लड़कियों का अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और उनकी शादी बड़े उम्र के मुस्लिम पुरुषों से कराना।”
एक और घटना टली
इसी दौरान उमरकोट से भी एक ऐसी कोशिश की खबर आई है, जहां हाल ही में शादीशुदा एक हिंदू लड़की को हथियारबंद बदमाशों ने किडनैप करने की कोशिश की। हालांकि परिवार की तत्परता से आरोपी उसे उठा नहीं पाए।



