राहुल रॉय की नई सुर्खियाँ और फैंस की चिंता

‘आशिकी’ से स्टार बने राहुल रॉय आज शादी में परफॉर्म कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद फैंस के बीच चिंता और चर्चा शुरू। बीते समय में ब्रेन स्ट्रोक और आर्थिक कठिनाइयों की भी यादें ताज़ा।

1990 में आई महेश भट्ट की फिल्म ‘आशिकी’ चाहे आपने देखी हो या नहीं, इसके गाने हर किसी ने जरूर सुने होंगे। यह फिल्म ना सिर्फ अपने गानों के लिए प्रसिद्ध हुई, बल्कि इसने इंडस्ट्री को एक नया सितारा भी दिया — राहुल रॉय। हाथ में गिटार और आंखों में दर्द लेकर अपने आशिक अंदाज से उन्होंने हर किसी का दिल जीत लिया था। फिल्म के रिलीज़ होते ही राहुल रॉय की लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि उनके पास फिल्मों की कतार लग गई। लेकिन, यह स्टारडम उनके लिए लंबे समय तक कायम नहीं रह सका। अब एक बार फिर राहुल रॉय सुर्खियों में हैं, और इस बार वजह है उनका हाल ही में वायरल हुआ एक वीडियो।

 

बिहार की शादी में राहुल रॉय का स्टेज पर परफॉर्मेंस

हाल ही में राहुल रॉय बिहार में एक शादी में पहुंचे, जो मशहूर मैथ टीचर आरके श्रीवास्तव की भतीजी की थी। इस दौरान उन्होंने हाथ में गिटार लेकर ‘आशिकी’ के गाने पर लिपसिंक किया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया।

 

इस वीडियो ने फैंस को दो हिस्सों में बाँट दिया:

कुछ लोग मानते हैं कि राहुल रॉय की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं, इसलिए उन्हें शादी-पार्टी में परफॉर्म करना पड़ता है। वहीं, कुछ का कहना है कि बड़े-बड़े सितारे भी शादी और इवेंट्स में परफॉर्म करते हैं, इसलिए इस वीडियो के आधार पर उन्हें जज करना सही नहीं है।

 

फैंस की चिंता और स्वास्थ्य की यादें

 

वीडियो के वायरल होने के बाद कई फैंस चिंतित भी दिखे। एक यूजर ने लिखा: “राहुल को जिंदगी चलाने के लिए शादी फंक्शन में परफॉर्म करना पड़ रहा है।” कई लोगों को याद आया कि चार साल पहले राहुल रॉय अस्पताल के बिस्तर पर थे। उस समय उन्होंने खुद बताया था कि उनकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब थी और अस्पताल के बिल भरने के लिए पैसे नहीं थे। दरअसल, 2020 में राहुल रॉय को ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, जिसके चलते उन्हें डेढ़ महीने तक अस्पताल में रहना पड़ा। इस मुश्किल समय में सुपरस्टार सलमान खान ने मदद कर उनके सारे मेडिकल बिल्स चुकाए। इसके बाद राहुल की बहन प्रियंका रॉय ने सलमान की जमकर तारीफ भी की थी। राहुल रॉय की तबियत लद्दाख में शूटिंग के दौरान बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें वॉकहार्ट अस्पताल और फिर नानावती अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया।

Related Articles

Back to top button