एयर इंडिया की सुरक्षा चूक, नवंबर में कई उड़ानें बिना वैध सर्टिफिकेट के चलीं
एयर इंडिया की कई उड़ानें नवंबर में बिना वैध सर्टिफिकेट के चलीं, DGCA को रिपोर्ट भेजी गई, सुरक्षा मानकों पर जांच जारी, कंपनी ने चूक स्वीकार की और जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू की।

ऐसा लगता है कि एयर इंडिया ने अहमदाबाद में हुए हालिया विमान हादसे से सबक नहीं लिया है। एयर इंडिया के इंटरनल मॉनिटरिंग सिस्टम की रिपोर्ट में सामने आया है कि नवंबर महीने में कंपनी की कई उड़ानें बिना वैध एयरवर्थनेस रिव्यू सर्टिफिकेट के संचालित हुईं। यह रिपोर्ट डीजीसीए को भी भेजी गई है।
सेफ्टी और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन
जानकारी के अनुसार, A320 जैसे कई एयरक्राफ्ट ने नवंबर में वैध सर्टिफिकेट के बिना उड़ान भरी। यह किसी भी विमानन कंपनी के लिए सुरक्षा और मानक नियमों का उल्लंघन माना जाता है। एयरवर्थनेस रिव्यू सर्टिफिकेट यह सुनिश्चित करता है कि विमान सभी मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों को पूरा करता है और उड़ान के लिए सुरक्षित है।
एयरवर्थनेस रिव्यू सर्टिफिकेट क्या है?
कमर्शियल विमानों को संचालित करने के लिए एयरवर्थनेस रिव्यू सर्टिफिकेट बेहद जरूरी होता है। यह प्रमाण है कि विमान लगातार उड़ान भरने के लिए सुरक्षित और मेंटेनेंस के मानकों पर खरा है। यह सर्टिफिकेट सालाना वैध होता है और विमान की पूरी कंडीशन और रिकॉर्ड्स की समीक्षा के बाद जारी किया जाता है। DGCA के नियमों के मुताबिक इसे हर साल रिन्यू करना अनिवार्य है। एयर इंडिया ने इस चूक की पुष्टि की है और कहा है कि उन्होंने डीजीसीए को इसकी जानकारी दी है। कंपनी ने अपने सुरक्षा मानकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और बताया कि अंदरूनी जांच शुरू कर दी गई है ताकि जवाबदेही तय की जा सके।



