तेलंगाना की सियासत में रेवंत रेड्डी के बयान से विवाद
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी के बयान ने सियासत में बवाल खड़ा कर दिया। हिंदू देवी-देवताओं को लेकर उनके उदाहरणों पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। राज्यभर में विरोध प्रदर्शन की तैयारी के बीच कांग्रेस की तरफ से कोई सफाई नहीं आई।

Telangana cm: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी एकता पर बात करते हुए हिंदू देवी-देवताओं को लेकर ऐसा बयान दे दिया कि राजनीति में नई हलचल पैदा हो गई है। रेवंत रेड्डी ने कहा कि हिंदू धर्म में लगभग 3 करोड़ देवी-देवता हैं और लोग अपने-अपने देवताओं को लेकर भी एकमत नहीं हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कोई अयप्पा स्वामी की पूजा करता है, कोई शिव की, कोई हनुमान की और इसी तरह अलग-अलग भक्ति के तरीके हैं। इसके बाद उन्होंने सवाल उठाया कि अगर देवी-देवताओं पर आम सहमति नहीं है, तो कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी में लोग कैसे एकमत हो सकते हैं? रेवंत रेड्डी ने कहा, “जिसने शादी नहीं की, उसके लिए हनुमान हैं। जो दो शादियां करते हैं उनके लिए अलग देवता, शराब पीने वालों के लिए अलग। एल्लम्मा, पोषम्मा, दाल-चावल खाने वालों के लिए अलग देवता। हर किसी की भक्ति अलग-अलग है।”
बीजेपी ने जताई नाराजगी
रेवंत रेड्डी के बयान पर बीजेपी से निलंबित नेता टी. राजा सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे हिंदू देवी-देवताओं का अपमान बताया। तेलंगाना बीजेपी ने राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान भी किया है। वहीं कांग्रेस की ओर से इस बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक सफाई नहीं आई है। फिलहाल, इस बयान ने तेलंगाना की सियासत में नया विवाद खड़ा कर दिया है।



