दिल्ली के छावला में लिव-इन पार्टनर ने महिला की हत्या, कार की पिछली सीट पर मिला शव
शराब पीने से रोकने पर लिव-इन पार्टनर ने की महिला की हत्या कार की पिछली सीट पर मिला शव, पड़ोसी की सूचना पर पुलिस हरकत में आरोपी गिरफ्तार, घर से 21 लाख रुपये भी बरामद

दिल्ली के छावला इलाके से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक लिव-इन पार्टनर ने अपनी महिला दोस्त की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने आरोपी को शराब पीने से मना किया था। हत्या के बाद आरोपी ने महिला के शव को अपनी कार की पिछली सीट पर छिपाने की कोशिश की, लेकिन सुबह होते-होते यह राज खुल गया। गुरुवार सुबह पुलिस को पीसीआर कॉल मिली कि दीनपुर एक्सटेंशन में खड़ी एक कार की बैक सीट पर एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच की, तो पता चला कि यह कार आरोपी विरेंद्र सिंह की है। पूछताछ में विरेंद्र ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
शराब के विवाद में हादसे ने लिया खतरनाक रूप
पुलिस जांच में सामने आया कि बुधवार रात दोनों के बीच शराब को लेकर बहस हुई थी। बहस बढ़ने पर विरेंद्र ने गुस्से में आकर महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को कार में डालकर कहीं दूर फेंकने की कोशिश की, लेकिन नशे में होने के कारण वह 100 मीटर भी गाड़ी नहीं चला पाया। नशे की हालत में ही उसने गाड़ी घर के पास खड़ी की और वहीं सो गया। सुबह एक पड़ोसी की नजर कार की पिछली सीट पर पड़े शव पर पड़ी, जिसने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।
चेहरे और शरीर पर चोट के निशान
पुलिस के अनुसार, मृतका के चेहरे पर चोट के निशान थे और शरीर पर कई जगह खरोंचें भी मिलीं। परिवार ने शव की शिनाख्त कर ली है। पोस्टमार्टम के लिए शव को RTR अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
हाल ही में बेचा था घर, बरामद हुए 21 लाख रुपये
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और महिला ने हाल ही में राजनगर में एक घर बेचा था। उसी पैसे से विरेंद्र ने दीनपुर में एक फ्लैट अपने नाम खरीदा था। पुलिस ने आरोपी के घर से 21 लाख रुपये नकद भी जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।



