रणजी में झारखंड का जलवा, कुमार कुशाग्र का दोहरा धमाका!

कुमार कुशाग्र की 234 रन की विस्फोटक पारी से झारखंड ने रणजी ट्रॉफी में बड़ोदा पर पूरी पकड़ बना ली। दूसरे दिन झारखंड ने पहली पारी में 506 रन ठोके, जबकि बड़ोदा तीन विकेट खोकर सिर्फ 78 रन ही बना सका। अब बड़ोदा को फॉलोऑन से बचाने के लिए करना होगा बड़ा कमाल।

कुमार कुशाग्र की 234 रन की ऐतिहासिक पारी से झारखंड ने बड़ोदा के खिलाफ पहले दो दिन में ही मैच पर मजबूत पकड़ बना ली। दूसरे दिन के खेल के अंत तक झारखंड की टीम 506 रन पर ऑलआउट हुई। बड़ोदा अब भी पहली पारी में 428 रन पीछे है और संकट में नजर आ रही है।

 

कुशाग्र का क्लास और कमाल

बड़ोदा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, लेकिन झारखंड के युवा बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने विपक्षी गेंदबाजों को बैकफुट पर ला दिया। टीम ने जब 53 रन पर दो विकेट गंवाए, तब कुशाग्र ने क्रीज संभाली और 367 गेंदों में 23 चौकों और 4 छक्कों की मदद से शानदार 234 रन ठोके। वहीं चौथे नंबर पर आए विराट सिंह 46 रन बनाकर अर्धशतक से चूक गए।

 

 

ईशान किशन हुए फ्लॉप, रॉबिन मिंज का जलवा बरकरार

कप्तान ईशान किशन इस मुकाबले में बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और 28 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, निचले क्रम में रॉबिन मिंज ने टीम को संभाला और 90 गेंदों में 79 रन की शानदार पारी खेली। बड़ोदा की ओर से महेश पिथिया और भार्गव भट्ट ने 3-3 विकेट झटके।

 

बड़ोदा की शुरुआत रही निराशाजनक

जवाब में बड़ोदा की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने 31 ओवर में 3 विकेट पर 78 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज ज्योतसनील सिंह गोल्डन डक पर आउट हुए, जबकि शिवालिक शर्मा 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिलहाल क्रीज पर विष्णु सोलंकी (28*) और शाश्वत रावत (20*) टिके हुए हैं, लेकिन झारखंड के पास बढ़त का पहाड़ खड़ा है।

 

मैच की स्थिति

दो दिन के खेल के बाद झारखंड पूरी तरह हावी है। बड़ोदा को फॉलोऑन से बचने और मैच में वापसी के लिए अब विशाल पारी खेलनी होगी।

 

Related Articles

Back to top button