आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा चक्रवात मोन्था, 28 अक्टूबर को 100 किमी रफ्तार से टकराने की आशंका — सेना अलर्ट पर
चक्रवात मोन्था 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के काकीनाड़ा के पास टकरा सकता है। आंध्र, ओडिशा और तमिलनाडु में भारी बारिश और अलर्ट जारी है। सेना स्टैंडबाय पर है, जबकि दिल्ली में प्रदूषण और ठंड बढ़ी है।

नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवात मोन्था तेजी से आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह 28 अक्टूबर की शाम या रात को काकीनाड़ा के पास तट से टकरा सकता है। तूफान के दौरान 90–100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय सेना और एनडीएमए को स्टैंडबाय पर रखा गया है।
ओडिशा में अलर्ट, राहत और बचाव दल तैनात
ओडिशा फायर विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर हैं। फायर ब्रिगेड ने पावर बोट्स, लाइट्स और कटिंग उपकरण तैयार रखे हैं ताकि अंधेरे में भी राहत कार्य किया जा सके। बालासोर डीएम ने बताया कि प्रभावित जिलों में गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है और मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका गया है।
गंजम जिले में प्रशासन ने जीरो कैजुअल्टी का लक्ष्य रखा है और सभी अधिकारियों को 30 अक्टूबर तक मुख्यालय में रहने का आदेश दिया गया है।
तीन राज्यों में असर, मौसम विभाग ने यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया
आंध्र प्रदेश में 27 से 28 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा के गंजम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु के कई इलाकों, खासकर चेन्नई में भी 26 से 28 अक्टूबर के बीच भारी बारिश का अनुमान है।
मध्य भारत में बारिश, दिल्ली में प्रदूषण चरम पर
मध्य प्रदेश में तेज बारिश से खेतों में रखी फसल बह गई। वहीं दिल्ली में मौसम ठंडा हुआ, लेकिन प्रदूषण स्तर खतरनाक बना हुआ है। राजधानी का AQI कई इलाकों में 400 से ऊपर रहा, जिससे 42% लोग गले की समस्या से जूझ रहे हैं।



