दिल्ली में छात्रा पर एसिड अटैक, दोनों हाथ झुलसे — DU के लक्ष्मीबाई कॉलेज के बाहर 3 युवकों ने किया हमला, तलाश जारी


दिल्ली के अशोक विहार में DU की छात्रा पर तीन युवकों ने एसिड अटैक किया। पीड़िता के दोनों हाथ झुलस गए। आरोपी पहले से पीछा कर रहा था। पुलिस ने CCTV के आधार पर जांच शुरू की, तीनों की तलाश जारी है।

नई दिल्ली: दिल्ली के अशोक विहार इलाके में रविवार सुबह 20 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक की वारदात हुई। पीड़िता दिल्ली यूनिवर्सिटी के लक्ष्मीबाई कॉलेज में सेकंड ईयर की छात्रा है। हमलावरों ने उसके चेहरे पर तेजाब फेंकने की कोशिश की, लेकिन छात्रा ने बैग से चेहरा ढक लिया, जिससे उसका चेहरा बच गया पर दोनों हाथ झुलस गए। घायल युवती को तुरंत देशबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पीड़िता ने बतायाआरोपी पहले से कर रहा था पीछा

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मुख्य आरोपी जितेंद्र पिछले डेढ़ साल से उसका पीछा कर रहा था। एक महीने पहले दोनों के बीच बहस भी हुई थी। रविवार को जितेंद्र अपने दो साथियों इशान और अरमान के साथ आया। इशान ने अरमान को बोतल दी, जिसमें तेजाब था, और उसने छात्रा पर फेंक दिया। तीनों आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी

दिल्ली पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

घटना पर रोष, छात्र संगठनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

DU स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष आर्यन मान ने बताया कि आरोपी जितेंद्र शादीशुदा है और डेढ़ साल से छात्रा को परेशान कर रहा था। वहीं, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने कहा कि यह घटना सरकार और दिल्ली पुलिस की महिलाओं की सुरक्षा पर विफलता को दर्शाती है, खासकर कॉलेज परिसरों के आसपास।

Related Articles

Back to top button