दर्दनाक: यूपी में मेडिकल कॉलेज से नवजात को उठा ले गए कुत्ते, शरीर खा गए.. सड़क पर छोड़ा केवल सर!

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज परिसर में आवारा कुत्ते एक नवजात को नोच-नोचकर ले गए। सिक्योरिटी गार्ड्स ने जब कुत्तों को देखा तो उनके मुंह में बच्चे का सिर दबा हुआ था। गार्ड्स ने दौड़कर कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक नवजात के शरीर का बाकी हिस्सा गायब हो चुका था।
कुत्तों के मुंह में दबा नवजात का सिर
घटना मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर-1 से प्राइवेट रूम की ओर जाने वाली सड़क की है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे सिक्योरिटी गार्ड्स ने देखा कि कुत्ते सड़क पर एक नवजात का सिर मुंह में दबाकर दौड़ रहे हैं। जैसे ही गार्ड्स ने शोर मचाया और दौड़कर कुत्तों को भगाया, वे सिर छोड़कर झाड़ियों की ओर भाग गए।
शरीर का बाकी हिस्सा गायब
गार्ड्स ने तुरंत कॉलेज प्रशासन को सूचना दी और झाड़ियों में तलाश भी की, लेकिन नवजात के शरीर का बाकी हिस्सा नहीं मिला। आशंका है कि कुत्तों ने बच्चे के शरीर को नोच-नोचकर खा लिया और सिर्फ सिर बचा रह गया।
कॉलेज प्रशासन और पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन और मेडिकल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चे का सिर कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।
कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि पिछले पांच दिनों में किसी भी नवजात की मृत्यु का रिकॉर्ड नहीं है। स्त्री रोग विभाग में भर्ती सभी महिलाओं के नवजात सुरक्षित हैं। इससे साफ है कि मृत बच्चा कॉलेज के वार्ड से नहीं, बल्कि बाहर से लाया गया हो सकता है।
72 घंटे बाद होगा पोस्टमॉर्टम
मेडिकल चौकी इंचार्ज अनुज कुमार ने बताया कि बच्चे के सिर का डीएनए सैंपल लिया गया है। 72 घंटे बाद उसका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा ताकि पहचान और मौत की असली वजह सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस नवजात की पहचान और इस पूरे मामले की कड़ी से कड़ी जांच कर रही है।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
यह घटना मेडिकल कॉलेज परिसर में हुई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। आवारा कुत्तों का अस्पताल कैंपस में घूमना और इस तरह की भयावह घटना घट जाना, प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है।



