Video: यूपी में सड़कों पर घूमते यमराज! सांड ने बुजुर्ग महिला को हवा में उछालकर फेंका, एक पल में ही मौत दिखी!

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बबीना थाना क्षेत्र के नंदपुरा गांव में एक महिला पर अचानक आवारा सांड ने हमला कर दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला हवा में उछलकर जमीन पर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह पूरी घटना गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
महिला पर पीछे से किया हमला
घटना का वीडियो लगभग 25 सेकेंड का है। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि महिला अपने घर के बाहर जा रही थीं। तभी उन्होंने देखा कि एक काले रंग का सांड वहां खड़ा है। महिला ने सांड को भगाने की कोशिश की और फिर अपने रास्ते लौटने लगीं। लेकिन अचानक सांड पीछे से दौड़कर आया और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला हवा में उछलकर सड़क पर गिर गईं।
View this post on Instagram
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
घटना में घायल महिला का नाम फूलवती बताया जा रहा है। आसपास के लोग तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि फूलवती के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा और आक्रोश है। कई यूजर्स ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेशभर में आवारा पशुओं की समस्या आम हो गई है। आए दिन लोग इन हमलों का शिकार हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग फूलवती के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं और सरकार से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि गांव और कस्बों में आवारा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है। बावजूद इसके प्रशासन इस पर ठोस कदम उठाने में नाकाम रहा है। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर निर्दोष लोगों की जान जोखिम में डालने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान कब होगा।



