बड़ी खबर: ईंट भट्टे के लिए खोदे गड्डे में डूबे 4 सगे भाई, मौत.. सभी की उम्र 15 साल से कम, पूरा परिवार सदमे में

छपरा: मंगलवार को छपरा के गड़खा थाना क्षेत्र के फुरसतपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक ही परिवार के 4 बच्चे ईंट भट्ठे के लिए खोदे गए गड्ढे में नहाने गए और डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बच्चों में 11 साल के अंकुश, 13 साल के करीमन, 14 साल के आशीष और 12 साल के मुन्ना कुमार शामिल हैं। इनमें दो सगे और दो चचेरे भाई थे।
बच्चों ने घर से बिना बताए नहाने की कोशिश की
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे घर से बिना किसी को बताए नहाने गए थे। जब एक बच्चा पानी में डूबने लगा तो बाकी तीन उसे बचाने की कोशिश में गहरे पानी में चले गए। इस दौरान सभी बच्चे डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन गहराई के कारण चारों बच्चों को समय पर नहीं बचाया जा सका।
गोताखोर और प्रशासन की मदद से निकाले शव
घटना की सूचना मिलते ही गड़खा थाना पुलिस और अंचलाधिकारी दल घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोर और ग्रामीणों की मदद से करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद सभी चार शवों को गहरे गड्ढे से बाहर निकाला गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया।
ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की
स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढा ईंट भट्ठे के लिए खोदा गया था, लेकिन बारिश या पानी भर जाने से यह जानलेवा बन गया। इसके बावजूद गड्ढे के आसपास कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। ग्रामीण प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि ऐसे गड्ढों को भरवाया जाए और सुरक्षित बनाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे ना हों।



